पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

छात्रवृत्ति घोटाला: 201 छात्रों ने एडमिशन ले लिया ड्रॉप, संस्थान ने निकाले 22.70 लाख रुपए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.   शिवपुरी लिंक रोड स्थित जेबी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में छात्रवृत्ति घोटाला उजागर हुआ है। इंस्टीट्यूट ने 29 फर्जी छात्रों के नाम पर 3.96 लाख रुपए और एडमिशन लेने के बाद बिना परीक्षा दिए ही ड्रॉप लेने वाले 201 छात्रों के नाम पर 22.70 लाख की छात्रवृत्ति निकाल ली। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो(ईओडब्ल्यू) की प्राथमिक जांच में घोटाला सामने आया है। 

 

ब्यूरो की जांच के अनुसार जेबी इंस्टीट्यूट में वर्ष 2012-13 में एससीएसटी के 734 छात्रों के नामांकन कराए गए थे। इन छात्रों में 29 छात्र इंस्टीट्यूट में अध्ययनरत नहीं पाए गए। इन 29 छात्रों के नाम पर 3.96 लाख की छात्रवृत्ति भी निकाली थी। इसी इंस्टीट्यूट में 201 छात्रों को एडमिशन देकर बैंक खाते कर्नाटका बैंक लिमिटेड में खोले गए। यह छात्र  प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में भी शामिल नहीं हुए और ड्रॉप ले लिया। छात्रों के ड्रॉप लेने के बाद भी इंस्टीट्यूट ने इन छात्रों के नाम पर 22.70 लाख की छात्रवृत्ति का आहरण कर लिया। छात्रवृत्ति की मंजूरी के लिए नोडल संस्था जेयू ने वेरीफिकेशन किया। ब्यूरो की प्राथमिक जांच के बाद छात्रवृत्ति निकालने के मामले में इंस्टीट्यूट के प्राचार्य पीएन शर्मा व वेरीफिकेशन करने वाली नोडल संस्था जेयू के विवेंद्र परमार व अमित उपाध्याय के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के लिए भोपाल मुख्यालय ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

 

8 कॉलेज पर चालान की तैयारी: ईओडब्ल्यू द्वारा छात्रवृत्ति घोटाले में पूर्व में 8 कॉलेज के खिलाफ दर्ज किए गए मामले में जांच प्रक्रिया अंतिम स्तर पर है। इन 8 कॉलेज के खिलाफ जांच में घोटाला साबित हुअा है और ब्यूरो इन कॉलेज के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश करेगा। 

भांडेर कृषि उपज मंडी की फर्जी अनुज्ञा पर 1.50 करोड़ का घोटाला

भांडेर कृषि उपज मंडी तत्कालीन निरीक्षक धीर सिंह कुशवाह व उपनिरीक्षक संजय शर्मा विट्ठलदास एंड संस के गोविंद अग्रवाल व मनोज गुप्ता के साथ मिलकर 1.50 करोड़ के मंडी शुल्क का घोटाला प्राथमिक जांच में साबित हुआ है। इनमें से उपनिरीक्षक संजय शर्मा की मौत हो चुकी है। निरीक्षक व उपनिरीक्षक ने कूटरचित दस्तावेज से फर्म के लिए 860 फर्जी अनुज्ञा पत्र जारी कर दिए। इन फर्जी अनुज्ञा पत्र से फर्म ने पूरे प्रदेश की 17 मंडियों से अनाज के ट्रक मंडी शुल्क चुकाए बिना निकाल लिए।

 

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के एसपी रघुवंश भदौरिया ने बताया कि जेबी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी में 26 लाख  से अधिक का छात्रवृत्ति घोटाला प्राथमिक जांच में आया है। जांच रिपोर्ट एफआईआर दर्ज कराने के लिए मुख्यालय भेजी है। कृषि उपज मंडी में फर्जी अनुज्ञा पत्र से मंडी शुल्क के 1.50 करोड़ के घोटाले की रिपोर्ट भी मुख्यालय भेजी गई है।
 

खबरें और भी हैं...