पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य में पहली बार आयोजित कौशल प्रतियोगिता के लिए मधुबनी चित्रकला से लेकर मोबाइल रोबोटिक तक 27 ट्रेड शामिल किए गए हैं। 20 से 22 अप्रैल तक विभिन्न ट्रेड में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 6-6 प्रतिभागी होंगे। इसमें चयनित दो-दो प्रतिभागियों को क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। राज्य स्तर पर विभिन्न ट्रेड में प्रथम स्थान लाने वाले को 25 हजार, द्वितीय स्थान वाले को 11 हजार और बाकी चार प्रतिभागियों को 8-8 हजार रुपए पुरस्कार दिए जाएंगे। क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के लिए चयनित बिहार के प्रतिभागी को 51-51 हजार रुपए पुरस्कार दिए जाएंगे। राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी को एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी करेंगे, जबकि 22 अप्रैल को समापन राज्यपाल सत्यपाल मलिक करेंगे।
प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि 27 में 17 ट्रेड की प्रतियोगिता वेटनरी कॉलेज मैदान में होगी। शेष 10 ट्रेड की प्रतियोगिता निफ्ट, आईटीआई आदि में आयोजित होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर सफल प्रतिभागी को 2019 में रूस में होने वाली विश्व कौशल विकास प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी प्रकार की डिग्री की योग्यता नहीं थी। इसमें मजदूर से लेकर इंजीनियरिंग के छात्र तक शामिल हो सकते हैं, जिनके पास इनोवेटिव कौशल है। मौके पर श्रमायुक्त गोपाल मीणा भी मौजूद थे।
ये ट्रेंड हैं शामिल
वास्तुकला पत्थर चिनाई, बेकरी, ब्यूटी थेरापिस्ट, ईंट बिछाई, बढ़ईगिरी, कार पेंटिंग, सीएनसी मिलिंग, सीएनसी टर्निंग, कुकिंग, विद्युत स्थापना, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन प्रौद्योगिकी, विजुवल मस्केंडाइजिंग, वॉल एंड फ्लोर टाइलिंग, ग्राफिक डिजाइन प्रौद्योगिकी, हेयर ड्रेसिंग, आईटी नेटवर्क सिस्टम एमिनिस्ट्रेशन, व्यापार के लिए आईटी साफ्टवेयर समाधान, एम कैड, मेकाट्रानिक्स, मोबाइल रोबोटिक्स, मिथिला पेंटिंग्स, टीकुली आर्ट, पेटीसरी एवं फान्फेक्सनरी, प्लास्टिक डाई इंजीनियरिंग, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, रेस्टॉरेंट सर्विस, वेब डिजाइनिंग एंड डेवलपमेंट और वेल्डिंग।
बिहार कौशल विकास मिशन के साथ प्रतियोगिता के सहयोगी संस्थान
आईटीआई पटना, सीपेट हाजीपुर, टीआरटीसी, निफ्ट, नाइलेट, एनआईटी, बीआईटी, उपेंद्र महारथी संस्थान, आर्ट कॉलेज, आईएचएम हाजीपुर, विभिन्न पॉलीटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज इस प्रतियोगिता के सहयोगी संस्थान हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.