पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. पीलिया से राजधानी में 26 मार्च को कांपा की महिला की मृत्यु हुई, उसके बाद एक माह के भीतर एक-एक करके सात लोगों की जान गई और 200 से ज्यादा बीमार पड़ गए। पहली मौत के 10 दिन के भीतर निगम के सर्वे में ही खुलासा हो गया कि नालियों में डूबी 50 किमी पाइपलाइनें सड़क चुकी हैं। इन्हीं से पीलिया घरों तक पहुंच रहा है, इसलिए इन्हें तुरंत बदलना होगा।
पाइप लाइन के लिए फंड ट्रांसफर नहीं
दो दिन के भीतर नगर निगम ने 21 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया। पीलिया यहीं फैला है, निगम से लेकर शासन तक के सारे मुख्यालय इसी शहर में हैं, इसके बावजूद दो महीने बीत गए लेकिन इस मद से एक भी पाइप लाइन बदलनी नहीं गई है। इसी शहर में मंजूरी के लिए भटकती फाइल दो हफ्ते पहले मंजूर हो गई लेकिन फंड ट्रांसफर नहीं हुआ है। पाइप बदलने के लिए टेंडर जारी होंगे, फिर काम शुरू होगा। इसमें एक माह और लगने की आशंका है और पीलिया की दहशत थमने के बजाय बढ़ती जा रही है।
लगातार बढ़ रहे पीलिया के मरीज
सात मौतें और दो सौ से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले चुका पीलिया राजधानी में अब भी महामारी की तरह फैला है। मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। मोवा से यह बीमारी शहर के चंगोराभाठा, गुढ़ियारी, पंचशील नगर, कोटा सहित कई इलाकों तक फैल गई है लगातार बढ़ती ही जा रही थी। सर्वे से पता चला कि पीलिया कि वर्षों पुरानी पाइपलाइनें जो नालियों में डूबी हुई हैं। वहीं से नाली का गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोग पीलिया की चपेट में आ रहे हैं और सात जानें चली गई हैं। फिर भी, 50 किमी पाइपलाइनें बदलने के लिए एक ही शहर में फाइलों का मूवमेंट थम नहीं रहा है। कुछ दिन पहले तक फंड मंजूर करने के लिए फाइलें दौड़ती रहीं, अब टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने में हफ्तों लगने वाले हैं।
गुस्से में शहर, खतरे में जानें फिर भी नहीं करते आउट ऑफ वे...
रायपुरा के अरुण कुमार ने बताया कि सरकारी प्रक्रियाएं घातक हो चली हैं। बहुत सारे मुद्दों पर आउट ऑफ वे... जाकर काम होता है। जीवन खतरे में है, फिर भी मामला उलझा है।
लाखे नगर के विजय कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट ने कहा - बस्ती के 35 हजार लोगों को शिफ्ट करो। कारण बताना चाहिए कि सरकारी एजेंसियां दो माह से फाइलें क्यों दौड़ा रही हैं।
डीडी नगर के शशि चंद्राकर ने बताया कि मनोरंजन और स्मार्ट बनाने के लिए एजेंसियों के पास करोड़ों रुपए हैं। लोगों की जान बचाने के लिए थोड़े फंड में आखिर रुकावट क्या है?
ज्वलंत समस्या नहीं माना
नगर निगम को शहरी सरकार माना जाता है। शहरी क्षेत्र में पीलिया, महामारी या ऐसी ही कोई गंभीर मुद्दा उत्पन्न होने पर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा बुलाकर समस्या को जल्द सुलझाने पर निर्णय लिया जाता है। महापौर खुद या एक चौथाई पार्षद मिलकर विशेष सभा बुला सकते हैं। अगर सभापति सभा न बुलाए तो 15 दिन में निगम कमिश्नर सभा बुलाने का अधिकार रखते हैं।
बदल सकते थे लोन लेकर
50 किमी की पाइपलाइन बदलने निगम महीनेभर शासन की मंजूरी का इंतजार किया। 21 करोड़ की व्यवस्था निगम खुद ही करके पाइपलाइन बदलने का काम कर सकता है। तात्यापारा चौड़ीकरण के लिए निगम ने लोन लेकर मुआवजा बांटा। अपनी गुडविल का उपयोग कर निगम खुद अपने सोर्स से पैसे की व्यवस्था कर सकता था। शासन की मंजूरी में वक्त नहीं लगता।
राजनीति और सरकारी प्रक्रिया से नहीं उबर पाए
रायपुर के मेयर प्रमोद दुबे ने कहा कि यह बड़ी विडंबना है कि अपना ही पैसा शासन से मांगना पड़ता है। राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे कार्यों पर तो उदारता दिखानी ही चाहिए।
निगम के सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने बताया कि पीलिया एक ज्वलंत और आकस्मिक विषय था, जिसपर विशेष सामान्य सभा बुलाई जानी थी। मेरे पास ऐसा कोई प्रस्ताव ही नहीं आया।
निगम कमिश्नर रजत बंसल ने बताया कि पाइपलाइन का टेंडर जारी कर रहे हैं। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर देंगे। जोन स्तर पर थोड़ा बहुत काम तो पहले ही शुरू कर चुके हैं।
जल चेयरमैन नागभूषण राव यादव ने बताया कि पाइपलाइनें बदलने के लिए 21 करोड़ चाहिए। शासन से ही मंजूरी में विलंब हुआ है। फंड मंजूर हो गया तो टेंडर में कुछ वक्त लगेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.