पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हलवाई को सिलेंडर से गैस लीक होने की कही बात, कुछ सेकंड बाद ही लगी आग में 11 झुलसे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नागौर(राजस्थान).  मौलासर इलाके के गांव सुदरासन में शादी से एक दिन पहले दावत के दौरान सिलेंडर की पाइप लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। इस दौरान मौके पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि कुछ युवकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत आग पर काबू पाने का पूरी कोशिश की, लेकिन आग की लपटों में आने से वे झुलस गए। हादसे में 11 लोगों को इलाज के लिए सीकर भेजा गया। उनमें से 6 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर के लिए रेफर किया गया। सीकर में भर्ती 5 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बुधवार सुबह 11 बजे छुट्टी दे दी गई। जबकि, 6 का अभी भी जयपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

 

 

हलवाई को कुछ सेकंड पहले ही कही थी सिलेंडर से गैस लीक होने की बात

सुदरासन में ऐरावत सिंह की बुधवार को होने वाली शादी की दावत चल रही थी। बताया जा रहा है कि वहां आसपास खड़े लोगों ने हलवाई विनोद कुमार को बताया कि गैस की बदबू आ रही है, लेकिन जब तक वो ध्यान देता अचानक सिलेंडर से गैस निकलने लगी और कुछ सेकंड बाद ही आग लग गई। कुछ देर बाद ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कई युवाओं ने आग को बुझाने की, लेकिन इसी दौरान 11 लोग झुलस गए। जिन्हें अलग-अलग गाड़ियों से अस्पताल ले जाया गया।

 

गर्म तेल की कढ़ाई में पानी डालने से झुलसे लोग
चश्मदीदों में विजेंद्र मिस्त्री, हाकम अली, देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह व महेंद्र सिंह ढिगाल समेत कई लोगों ने बताया कि सब कुछ अच्छा चल रहा था। शादी में आए मेहमान आराम से खाना खा रहे थे। अचानक हुए हादसे से चारों ओर चीख पुकार मच गई। सभी ने अपने स्तर पर आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान किसी ने गर्म तेल की कढ़ाई में आग बुझाने के प्रयास में पानी डाल दिया। जिससे गर्म तेल चारों ओर उछल गया। इससे उसके आसपास जो भी लोग मौजूद थे, वो गर्म तेल से झुलस गए।

 

 

सभी महिलाओं और बच्चों को पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
भास्कर को मौक से मिली जानकारी में सामने आया कि घर के पास ही एक खाली बाड़े में टैंट लगाकर ये प्रोग्राम किया जा रहा था। जबकि, आए मेहमानों को गर्म पूड़ी परोसने के लिए दूल्हे के घर के पिछवाड़े बनी रसोई घर में हलवाइयों के लिए इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर के आग पकड़ लेने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। शादी में आए ढिगाल के पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह सहित गांव के अनेक युवाओं ने घर में बैठी महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित जगह पहुंचाया। साथ ही मुख्य गेट को बंद कर दिया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। इस मामले को लेकर किसी भी पक्ष ने कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है।

 

 

परिलोगों व ग्रामीणों ने दिया साथ

 

रघुवीर सिंह ने अपने बेटे ऐरावत सिंह की शादी को लेकर बहुत सारी तैयारियां कर रखी थी, लेकिन हादसे से सारी तैयारियां खराब हो गईं। शादी के सभी रीति-रिवाज तय समय में पूरे हाेने के बावजूद सभी के चेहरों पर हादसे की चिंता साफ झलक रही थी। सुदरासन सरपंच आरती देवी, प्रतिनिधि विनोद शर्मा, गजेंद्र सिंह, महावीर सिंह, कल्याण सिंह, किशन सिंह, डीआर खोखर समेत इस दौरान मौजूद रहे और पीड़ित परिवार की हर मुमकिन मदद की।

 

 

सीकर अस्पताल से 5 घायलों को मिली छुट्टी

हादसे के बाद जिसको जो गाड़ी मिली, उसी से ही घायलों सीकर ले गए। जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए विनोद शर्मा, नरेंद्र, लालाराम क्यामसर, रामनिवास सुदरासन, राजकुमार लोसल, प्रभुराम लोसल को जयपुर रेफर किया गया। वहीं भोमसिंह सुदरासन, सुंदरलाल सुदरासन, पर्वतसिंह सुदरासन, बिहारी लाल अौर नंदूलाल निवासी उत्तराखंड को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

 

 

भास्कर अपील:  शादी समारोह में गैस सिलेंडर का रखें ध्यान

आगामी दिनों में कई शादियां हैं। पिछले कुछ समय में शादी समारोह के दौरान आगजनी की कुछ घटनाएं भी घटित हुई है। ऐसे में सभी को चाहिए कि शादी में रसोई घर के लिए खास सुरक्षा बंदोबस्त किए जाएं। साथ ही गैस सिलेंडर की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हो। ताकि किसी भी आपात स्थिति में कोई नुकसान न हो और ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वहीं ऐसे हादसों में घायलों को तत्काल प्राथमिक इलाज मुहैया कराए जाने के लिए भी फर्स्ट एड बॉक्स किट आदि की भी सुविधा हो।

खबरें और भी हैं...