पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभवानीगढ़. स्टील मैन्ज स्कूल चन्नों की 25 बच्चों से भरी बस सोमवार सुबह गांव मुंशीवाला से कालाझाड़ रोड पर वाहन को साइड देते समय पेड़ से टकराकर खेत में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक बच्चे घायल हुए जिन्हें भवानीगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें से दूसरी कक्षा के छात्र रणबीर सिंह की बाजू टूट गई है जबकि बस में महिला सेवादार माई जीतों को भी गंभीर चोटें आईं हैं। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। घटना से गुस्साए बच्चों के परिजनों ने कालाझाड़ के पास संगरूर-पटियाला नेशनल हाईवे पर धरना देकर यातायात को ठप कर दिया। पुलिस ने बस चालक निभय सिंह निवासी काला झाड़, टांसपोर्ट इंचार्ज सतिंदरपाल सिंह और स्कूल के मालिक जसबीर सिंह ढींढसा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खिड़की के शीशे तोड़कर बच्चों को निकाला
स्कूल बस कई गांवों के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। मुंशीवाला से कालाझाड़ मार्ग पर हादसा हो गया। बस में सवार बच्चों की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने बच्चों को खिड़की के रास्ते से बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्चों की हालत को देखा तो भड़क गए और संगरूर-पटियाला नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया
स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा: प्रिंसिपल
स्कूल प्रिंसिपल अंजली गौड़ ने कहा कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे हादसा हो गया। उनकी सभी बच्चों के परिजनों से बात हो गई है। एक बच्चे और सेवादार महिला को छोड़ कर सभी ठीक हैं। बच्चे और सेवादार का उपचार करवाया जा रहा है। दोनों खतरे से बाहर हैं।
अनट्रेंड डाइवर रखने का आरोप
लोगों ने कहा कि बस में 20 से 25 बच्चे सवार थे। हादसे में 15 से अधिक बच्चों को चोट लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधकों की ओर से अनट्रेंड डाइवर बसों पर रखे हुए है जोकि दूसरा चक्कर लगाने को लेकर बस को तेज रफ्तार के साथ चलाते हैं। ऐसे में हादसों को रोका नहीं जा सकता है।
कार्रवाई के आश्वासन पर 1 घंटे बाद उठाया धरना
धरने के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों का जाम लग गया। जिस कारण तहसीलदार मनजीत सिंह और एसएचओ चरणजीव लांबा ने मौके पर पहुंच कर बच्चों की परिजनों से बात की। परिजनों को आश्वासन दिया गया कि हादसे में जिम्मेदार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है जिसके बाद परिजनों ने करीब एक घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.