पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभारत के पूर्वोत्तर राज्य असम के सोनितपुर ज़िले में बुधवार को अज्ञात लोगों ने दस लोगों की हत्या कर दी है. हमले में आठ अन्य लोग घायल भी हुए हैं.
असम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि हमले में मारे गए दसों लोग असम के थे और हमलावर अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले थे.
उन्होंने बताया कि इस हमले में शिकार के लिए काम आने वाली 12 बोर की गन का इस्तेमाल किया गया.
उधर, इस घटना पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) की राज्य समिति के सदस्य बलिन सैकिया ने कहा है कि मारे गए लोग उनकी पार्टी के थे. ये लोग सीमा पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों को अतिक्रमण करने से रोकने का प्रयास कर रहे थे और उसी दौरान यह घटना घटी.
बलिन सैकिया का कहना है कि हमले की यह घटना दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई को अपने बयान में डिप्टी कमिश्नर ललित गोगोई ने बताया है कि अरुणाचल प्रदेश के अज्ञात लोगों ने तेज़पुर से लगभग 135 किलोमीटर दूर दोनों राज्यों की सीमा पर चाउलधुआ में भाकपा (माले) के लोगों को निशाना बनाया.
चाउलधुआ, थंदपानी फॉरेस्ट कैंप से क़रीब चार किलोमीटर दूर है, जहां नौ जनवरी को कुछ अज्ञात लोगों ने वन विभाग के एक कर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था.
ख़बरों के मुताबिक़ जिस इलाक़े में वारदात हुई है वहां सुरक्षाकर्मी पर्याप्त संख्या में नहीं हैं और रास्ता गाड़ियों के आने-जाने लायक नहीं है.
(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.