पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें- गीता ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में और बबीता ने 2014 कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीता था
- गीता ओलिंपिक्स में क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं
पानीपत. कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली फोगाट बहनों को एशियन गेम्स की तैयारी के लिए चल रहे कैंप से बाहर कर दिया गया है। अनुपस्थित रहने पर भारतीय रेसलिंग फेडरेशन ने ये कार्रवाई की है। गीता फोगाट, बबीता, संगीता और ऋतु को नोटिस भेजकर अनुपस्थिति की वजह पूछी गई है। उन्हें 3 दिन में नोटिस का जवाब देना है। फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि ये लोग चाहें तो अब घर बैठकर आराम कर सकती हैं।
बबीता ने कहा- चोट की वजह से कैंप में नहीं हुई शामिल
- बबीता फोगाट ने बताया, "मेरे दोनों घुटनों में चोट है। इसलिए कैंप में शामिल नहीं हो पा रही हूं।"
- उन्होंने कहा, "मेरी बहनें ऋतु और संगीता रूस में आयोजित कैंप में शामिल होने के लिए वीजा का इंतजार कर रही हैं। यह फेडरेशन की जानकारी में है। गीता बेंगलुरु में हैं। वे निजी कैंप में ट्रेनिंग ले रही हैं। उनके नेशनल कैंप में शामिल होने की वजह नहीं पता।"
- बता दें कि 10-25 मई तक लखनऊ और पानीपत में महिलाओं और पुरुषों का कैंप चल रहा है।
एशियन गेम्स के ट्रायल पर लग सकता है प्रतिबंध
- फेडरेशन की कार्रवाई का मतलब यह है कि खिलाड़ियों को एशियन गेम्स के ट्रायल में भाग लेने से प्रतिबंधित किया जा सकता है। एशियन गेम्स अगस्त सितंबर में इंडोनेशिया में आयोजित होगा।
खिलाड़ियों का गायब होना गंभीर मामला- फेडरेशन
- फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण ने कहा, "फोगाट बहनों समेत जिन खिलाड़ियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, वे फिलहाल कैंप से बाहर हैं। वे आएं और अनुपस्थिति का कारण बताएं। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं कर सकता। यह एक गंभीर मामला है। फेडरेशन ने अनुशासनहीनता के कारण ही उनको बाहर किया है। अब वे घर पर बैठें और लुत्फ उठाएं।"
इसलिए की गई कार्रवाई
- नेशनल कैंप में चुने गए पहलवानों को 3 दिन के भीतर रिपोर्ट करनी होती है। जो खिलाड़ी रिपोर्ट नहीं कर सकते, उन्हें इसकी सूचना कोच को देनी होती है। फोगाट बहनों व बाहर किए गए अन्य पहलवानों ने कोच को इसकी सूचना नहीं दी। इसी पर कार्रवाई करते हुए फेडरेशन ने इन पर कार्रवाई की है।
इन खिलाड़ियों को भेजा गया नोटिस
- फेडरेशन ने ऋतु फोगाट (50kg), इंदु चौधरी (50kg), संगीता फोगाट (57kg), गीता फोगाट (59kg), रविता (59kg), पूजा तोमर (62kg), मनू (62kg), नंदीनी (62kg), रेशमा माने (62kg), अंजू (65kg), मनू तोमर (72kg), कामिनी (72kg), बबीता फोगाट (53kg), श्रवण (61kg)और सत्यव्रत कादियान (97kg) को भी गैरहाजिर रहने पर नोटिस भेजा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.