पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी के बाद सरकार ने मुजफ्फरपुर के एसएसपी विवेक कुमार को निलंबित कर दिया है। विवेक पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विशेष निगरानी इकाई ने केस दर्ज किया है। निलंबन अवधि में विवेक का मुख्यालय होमगार्ड डीजी का कार्यालय होगा। विवेक कुमार और शराब तस्करों के सिंडिकेट के बीच सांठगांठ के भी सुराग मिले हैं। हाल में मुजफ्फरपुर के मारीपुर इलाके में एक होटल में एसएसपी के साथ शराब माफियाओं की मीटिंग भी हुई थी। इसमें 4 माफिया के अलावा हरियाणा के एक शराब सप्लायर ने भी शिरकत की थी।
- सूत्रों के मुताबिक इसी मीटिंग के बाद जिले के करीब आधा दर्जन ऐसे थानेदारों को हटा दिया था, जो अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रहे थे। संबंधित थानों में एसएसपी ने अपने चहेते अफसरों की पोस्टिंग की थी। एसवीयू के ऑपरेशन के बीच एसएसपी के चहेते थानेदारों के गायब होेने की चर्च है। इस बीच, मुजफ्फरपुर के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को एसएसपी का भी प्रभार दिया गया है।
ससुराल वालों के साथ 100 बार कैश ट्रांजेक्शन
- विवेक कुमार के ठिकानों पर एसवीयू का सर्च ऑपरेशन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान यूपी के मुजफ्फरनगर स्थित एसएसपी के ससुराल से बैंक लॉकर की 6 चाबी मिली। ससुर वेद प्रकाश कर्णवाल, सास उमा रानी कर्णवाल, साला निखिल कर्णवाल के साथ एसएसपी द्वारा 100 से अधिक बार कैश ट्रांजेक्शन किए जाने का पता चला है। एसएसपी उनके खाते में रकम डालकर बाद में निकाल लेते थे। देर रात तक एसवीयू की जांच जारी थी।
आवासीय ऑफिस में मिला अवैध हथियार
- एसएसपी के आवासीय कार्यालय की गोपनीय शाखा की आलमारी से एक देसी पिस्तौल मिला। हालांकि गोपनीय शाखा का प्रभारी रीडर सोमवार से ही फरार है।
आय से 300 % अधिक संपत्ति का खुलासा
- एसएसपी के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति की एफआईआर 22 पेज की है। इसमें आय से 300 फीसदी अधिक संपत्ति होने के आरोप हैं। सूत्रों के मुताबिक विवेक व उनकी पत्नी निधि कर्णवाल के पास करीब 1.06 करोड़ की संपत्ति है। करीब 1.27 करोड़ के अवैध ट्रांजेक्शन का पता चला है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.