पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नशे में की पांच महिलाओं की नसबंदी

नशे में की पांच महिलाओं की नसबंदी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश में एक डॉक्टर के नशे में पांच महिलाओं की नसबंदी करने का मामला सामने आया है.

हिमाचल प्रदेश में चल रहे मौजूदा विधानसभा सत्र में इस मामले पर ख़ूब हंगामा हुआ और सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

बताया जाता है कि ये घटना हिमाचल प्रदेश के मंडी में सरकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित परिवार नियोजन शिविर में हुई.

भारत में नसबंदी का काला इतिहास

हाल में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित सरकारी शिविर में हुई नसबंदी के दौरान कई महिलाओं की मौत हो गई थी.

डॉक्टर निलंबित

मंडी से भाजपा के विधायक जयराम ठाकुर ने इस मामले की तरफ़ सरकार का ध्यान खींचते हुए इस चूक पर सवाल उठाए.

इसके बाद हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कॉल सिंह ठाकुर ने मंडी में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ को ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने और उपेक्षा के लिए निलंबित कर दिया है.

सरकार ने इस मामले में न्यायिक जांच के भी आदेश दिए हैं.

पांच ऑपरेशन

डॉक्टर पर शराब के नशे में पांच महिलाओं की नसबंदी करने का आरोप है.

बिलासपुर में नसबंदी के दौरान कई महिलाओं की मौत हो गई थी.

बताया जाता है कि वो इतने नशे में थे कि छठी महिला को ऑपरेशन टेबल पर ही छोड़कर चले गए.

इधर उनके सहयोगी ऑपरेशन टेबल पर इंतज़ार करते रहे और वो दरवाज़ा बंद कर सो गए.

बाद में महिला को उनके परिजन ले गए.

महिलाएं सही सलामत

मंडी में उपायुक्त संदीप कदम ने शिविर में डॉक्टरों की नई टीम भेजी जिसने बाक़ी महिलाओं का सफलतापूर्वक नसबंदी ऑपरेशन किया.

अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने शुक्रवार को कहा, “जिन महिलाओं की नसबंदी हुई, वे सभी ठीक हैं और घर वापस चली गई है.”

मंडी में आयोजित परिवार नियोजन के इस शिविर में करीब 60 और महिलाओं ने भी रजिस्ट्रेशन करा रखा था.

सरकार ने कहा है कि वह जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के ख़िलाफ़ क़दम उठाएगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)