पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुंबई. मौसम विभाग के सामान्य मानसून के अनुमान और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर भारतीय मार्केट पर भी दिखा। शेयर बाजार मंगलवार को लगातार 9वें कारोबारी दिन तेजी के साथ बंद हुआ। पिछले तीन साल में शेयर बाजार में तेजी का यह सबसे लंबा दौर है। सितंबर 2014 के बाद बाजार में लगातार इतने दिन तक तेजी दर्ज की गई है। मंगलवार को सेंसेक्स 90 अंक चढ़कर 34,395 पर बंद हुआ। 26 फरवरी के बाद यह सेंसेक्स का उच्च स्तर है, जब इंडेक्स 34,445.75 के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले 8 सत्रों में सेंसेक्स को 1,286.36 अंक का फायदा हुआ है। वहीं, निफ्टी 20 अंक ऊपर 10,549 पर बंद हुआ। पावर, रिएलिटी, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, ऑयल एंड गैस और बैंकिंग सेक्टर से शेयरों में आज अच्छी खरीदारी रही। वहीं आईटी, हेल्थकेयर और ऑटो कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखी गई।
बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार
- शेयर बाजार तेजी के साथ खुला और सेंसेक्स 34,434 के स्तर पर पहुंच गया लेकिन ऊपरी स्तरों से बाजार में बिकवाली शुरु हो गई और सेंसेक्स ऊपरी स्तरों से करीब 200 अंक की गिरावट के साथ 34,230 पर पहुंच गया, लेकिन एक बाद फिर से खरीदारी लौटी और बाजार हरे निशान में आ गया।
- जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक, "सामान्य मानसून और बेहतर तिमाही नतीजों की उम्मीद में बाजार दायरे में रहा। हालांकि, कर्नाटक चुनाव और क्रूड की कीमतों में उतार-चढ़ाव की वजह से बाजार ज्यादा तेजी नहीं पकड़ पाया। रुपए में कमजोरी के बावजूद आईटी इंडेक्स में गिरावट रही, क्योंकि वित्त वर्ष 2018-19 के लिए मार्जिन गाइडेंस घटने से निवेशकों के मन में चिंता है।"
पावर ग्रिड में 3% की तेजी
- सेंसेक्स में शामिल शेयरों में पावर ग्रिड में करीब 3% की तेजी रही वहीं एनटीपीसी करीब 2% चढ़ा। इनके साथ ही हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, कोल इंडिया, बजाज ऑटो और एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के शेयरों में भी 0.58 से 1.83% तक तेजी रही। बिकवाली के दबाव में विप्रो 1.14%, इंफोसिस 0.69% और टीसीएस 0.59% गिरावट में रहे।
बीएसई पर किस सेक्टर में कितनी तेजी
| इंडेक्स | तेजी |
| पावर | 1.23% |
| रिएलिटी | 1.21% |
| कंज्यूमर ड्यूरेबल्स | 1.05% |
| एफएमसीजी | 1.05% |
| इंफ्रास्ट्रक्चर | 0.56% |
| ऑयल एंड गैस | 0.46% |
| पीएसयू | 0.44% |
| मेटल | 0.25% |
ज्वेलरी से जुड़े शेयर उछले
- अक्षय तृतीया पर सोने की मांग बढ़ने की उम्मीद से ज्वेलरी फर्मों के शेयरों में खरीदारी रही। त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी 5.77%, टाइटन कंपनी 1.55% वहीं पीसी ज्वेलर्स 1.53% बढ़त के साथ बंद हुए।
बाजार में तेजी की वजह
घरेलू
- सोमवार को मौसम विभाग ने मानसून सामान्य रहने का अनुमान जारी किया था जिससे निवेशकों में उत्साह दिखा और बाजार में अच्छी खरीदारी हुई। सामान्य मानसून के अनुमान से खाद्यान उत्पादन बढ़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी की उम्मीद बढ़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय
- अमेरिकी और एशियाई बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले जिनका बाजार पर सकारात्मक असर दिखा।
- सोमवार को वर्ल्ड बैंक ने भी भारतीय इकोनॉमी के लिए अच्छे संकेत दिए। वर्ल्ड बैंक ने इस साल भारत की विकास दर 7.3% रहने का अनुमान जताया है। ग्रोथ का सिलसिला आने वाले सालों में जारी रहने की उम्मीद जताई गई है। 2019 और 2020 के लिए विकास दर 7.5% रहने का अनुमान है। वर्ल्ड बैंक ने यह भी कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था नोटबंदी और जीएसटी के असर से उबर चुकी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.