पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शराब पी, नमकीन खाया और चुरा ले गए 8.5 लाख का सामान, रात 1 से 3 के बीच आए थे चोर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.   कोतवाली के लोहिया बाजार में कारोबारी के घर का ताला तोड़कर घुसे चोर 4.5 लाख तथा 4 लाख के जेवर चुरा ले गए। वारदात मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात को हुई। कारोबारी साली की शादी में परिवार सहित गए थे। चोरों ने घर में रखी शराब पी, नमकीन खाया फिर चोरी कर निकल गए। सुबह पड़ोसियों ने इसकी सूचना कारोबारी को दी तो वह शादी समारोह अधूरा छोड़कर घर आए। पुलिस ने घटनास्थल पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाड को भी बुलाया लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। 


लोहिया बाजार स्थित हकीम जी के बाड़े में कारोबारी दिनेश झा का मकान है। वह फेब्रिकेशन का काम करते हैं। पहली मंजिल पर उनका ऑफिस है। दूसरी और तीसरी मंजिल पर वह रहते हैं। दिनेश का साला कमलेश भी परिवार सहित इनके साथ ही रहता है। 18 अप्रैल को बेहट के सोआवली गांव में दिनेश की साली की शादी थी। 17 को दिनेश परिवार सहित शादी में शामिल होने के लिए गए थे। वह शाम को घर में ताले डालकर निकले थे।

 

बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं तो वह लौटकर घर आए। पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड भी बुलवाया लेकिन वह भी बिल्डिंग में ही घूमता रहा। बाहर निकलकर पुलिस को किसी दिशा में नहीं ले जा पाया। पुलिस को किचन व बेडरूम में शराब की बोतलें, नमकीन और गिलास मिले हैं। दिनेश के मुताबिक घर में रखे 4.5 लाख रुपए प्लॉट के लिए लोन से लिए थे। जेवर उनकी सहलज के थे।

रात 1 से 3 के बीच आए थे चोर

दिनेश के घर में रात 1 से 3 बजे के बीच चोर मौजूद रहे थे। पड़ोसी हेमंत का कहना है कि वह रात लगभग 1.30 बजे शादी समारोह में शामिल होकर लौटे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि दिनेश के घर की लाइट जली हुई है और वहां चहलकदमी भी है। उन्हें लगा कि दिनेश घर में होंगे इसलिए अनदेखा करके सो गए थे।

 

कोतवाली टीआई दामोदर गुप्ता ने बताया कि सूने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों की तलाश की जा रही है फिलहालकोई सुराग नहीं मिला है।
 

खबरें और भी हैं...