चोरी हुआ ट्रक, हरियाणा के जगाधरी से बरामद
बिलासपुर| चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर नौणी चैक के साथ लगते पडलग में पेट्रोल पंप के पास से चोरी हुआ ट्रक पुलिस ने ढूंढ निकाला है। लोगों से मिली जानकारी तथा कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए सदर थाना पुलिस ने चुराया गया ट्रक हरियाणा के जगाधरी से बरामद किया है। हालांकि लगभग 20 लाख रुपये की कीमत का ट्रक चोरी करने वाले अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। सोलन जिला के अरुण गांधी ने सदर थाना में ट्रक चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। अरुण के अनुसार उसका ड्राइवर गत 4 मार्च को ट्रक पडलग में पेट्रोल पंप के पास खड़ा करने के बाद घर चला गया था। एक दिन घर में रुकने के बाद जब ड्राइवर वापस आया तो ट्रक वहां से गायब था। सदर थाना इंचार्ज यशवंत ठाकुर ने बताया कि एएसआई बलदेव सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने ट्रक बरामद किया है।