पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में नकल रोकने वाले महिला उड़नदस्ते ने आरंग में दो छात्रों को नकल सामग्री और मोबाइल फोन के साथ पकड़ा, तो उसके साथियों ने पहले तो छोड़ने का काफी अनुनय-विनय किया। अफसरों ने बात नहीं मानी तो कुछ छात्रों ने पांच-पांच सौ के नोट निकाल लिए और कहा कि पैसे लेकर रफा-दफा कर लो। उड़नदस्ता सख्त हुआ, तब ये छात्र पीछे हटे। पकड़े गए छात्रों का नकल का केस बनाया गया है। इसके अलावा शुक्रवार को एमए इंग्लिश पूर्व और बीकॉम भाग-3 के पेपर में नकल के कुल 8 मामले बनाए गए। इनमें सात मामले तो केवल बलौदाबाजार शासकीय कॉलेज में बने।
500-500 का नोट दिया और कहा- मामला खत्म करो
वार्षिक परीक्षा की दूसरी पाली यानी सुबह 11 से दोपहर 2 बजे एमए. इंग्लिश पूर्व व बीकॉम-3 का पर्चा हुआ। उड़नदस्ते की महिला टीम इसी पाली में शासकीय कॉलेज बलौदाबाजार पहुंची। टीम ने कॉलेज में परीक्षा को लेकर काफी अव्यवस्था देखी। जांच के दौरान यहां एमए इंग्लिश की परीक्षा दे रहे पांच विद्यार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। इसी कॉलेज में बीकॉम भाग-3 के तहत मैनेजमेंट एकाउंटिंग का पेपर भी चल रहा था। इसमें भी टीम ने नकल के दो मामले बनाए। शासकीय कॉलेज आरंग में बीकॉम-3 की परीक्षा में जांच के दौरान दस पेज की नकल सामग्री तथा मोबाइल फोन भी पकड़ा गया। पकड़े जाने पर विद्यार्थी पहले गिड़गिड़ाए और माफ करने का आग्रह करते रहे। इसके बाद भी जब टीम नहीं मानी तो फिर 500-500 के नोट निकाल लिए और कहा कि पैसे लेकर मामला खत्म करें। गौरतलब है कि रविवि की वार्षिक परीक्षा के तहत महिला उड़न दस्ते की टीम लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। आज नकल के जितने भी मामले सामने आए वह सब इसी टीम ने बनाया।
अगला पर्चा अब 16 को
रविवि में वार्षिक परीक्षा का अगला पेपर अब 16 अप्रैल को होगा। बीएससी भाग-3 में केमिस्ट्री द्वितीय का पेपर होगा। बीकॉम भाग-2 में व्यवहारिक अर्थशास्त्र द्वितीय की परीक्षा होगी। बीए भाग-1 के तहत इकोनॉमिक्स का पर्चा होगा। बड़ी कक्षाओं में बीकॉम की परीक्षा 23 अप्रैल को खत्म हो जाएगी। बीए की परीक्षा 14 मई को खत्म होगी। सबसे लंबी परीक्षा बीएससी की है। यह 17 मई को खत्म होगी। रविवि की वार्षिक परीक्षा में इस बार 1.38 लाख परीक्षार्थी हैं।
नकलचियों में डर नहीं
रविवि की वार्षिक परीक्षा में नकल के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। परीक्षार्थियों से 50 से लेकर 100 पेज तक की गाइड, दस-दस पेज की हस्त लिखित सामग्री तो मिल ही रही है। इसके अलावा इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों से मोबाइल फोन भी बरामद किया जा रहा है। शुक्रवार को भी एक विद्यार्थी के पास मोबाइल मिला, जिसका स्विच ऑन था। इससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि कई परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.