पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पुलिस ने ट्रक ड्रायवर को किया इतना प्रताड़ित, परेशान होकर युवक ने डीजल डाल लगा ली आग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर. पचपेड़ी नाका में मंगलवार को मुन्ना यादव के ट्रक का चालान करने वाले टीआई और उसके दो सहयोगी जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है। मुन्ना यादव का ट्रक सोनडोंगरी हीरापुर में नो-पार्किंग जोन में खड़ा था। टीआई लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने ड्राइवर की गैर मौजूदगी में उसकी गाड़ी का चालान काटा और वहीं स्क्रीन पर चस्पा कर दिया। इसी कार्रवाई से दुखी ड्राइवर ने चौक के पास आकर अपने ऊपर डीजल डालकर खुदकुशी की कोशिश की। आत्मघाती प्रयास में उसका पैर पंद्रह फीसदी झुलस गया। ड्राइवर ने ट्रैफिक टीआई और दो जवानों पर प्रताड़ना और दुर्व्यहार का आरोप लगाया है।

 

- पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। अफसर व जवानों की विभागीय जांच भी होगी। पुलिस के मुताबिक जगदलपुर का मुन्ना यादव सरिया लोड करने रायपुर आया था।

- सरिया लोड करने के बाद उसने अपना ट्रक रिंग रोड-2 सोनडोंगरी के सर्विस रोड में पार्क कर दिया था।

- पुलिस अफसर और जवान निरीक्षण करने आए और नो पार्किंग जोन में ट्रक देखकर उसका 22 सौ का चालान काटा और उसकी कॉपी उसके ट्रक में चस्पा कर दी।

- मुन्ना जब ट्रक के पास आया तब उसने पुलिस का चालान देखा। वह चालान लेकर ट्रैफिक टीआई लक्ष्मी जायसवाल के पास गया। उसने कहा कि वह 22 सौ रुपए कहां से लाएगा। उसके पास इतने पैसे नहीं है।

- वह जमा नहीं कर पाएगा। पुलिस वालों ने कहा कि अगर पैसे जमा नहीं करेगा तो चालान कोर्ट भेजा जाएगा। फिर कोर्ट से जुर्माने के साथ चालान जमा करना होगा। उसके बाद वह ट्रक लेकर निकल गया।

ये है पूरा मामला

- सोनडोंगरी से वह पचपेड़ी नाका पहुंचा और ट्रक को खड़ा किया। वहीं उसने गाड़ी से डीजल निकालकर अपने ऊपर डाला और आग लगा ली। उसका पैर जल गया है।

- ड्राइवर मुन्ना का आरोप है कि पुलिस वालों ने उसके साथ गाली गलौज की है। यहां तक मारपीट भी की है। पचपेड़ी नाका में भी पुलिस वालों पर उसने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।

- एसपी अमरेश मिश्रा ने घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने उस समय ड्यूटी में मौजूद लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल, सिपाही जागेश्वर साहू और वेदव्रत मिश्रा को निलंबित कर दिया है।

- तीनों के खिलाफ ट्रैफिक अफसर को जांच के निर्देश दिए हैं।

 

हंगामा मचा तो टीआई पर फोड़ा ठीकरा
- कलेक्टर ने रिंग रोड-1, 2, और 3 में धारा 144 लगाया है। इन सड़कों के सर्विस रोड को नो पॉर्किंग जोन घोषित किया गया है। तीन महीने से पुलिस लगातार इन सड़कों पर कार्रवाई कर रही है।

- अब तक 3600 गाड़ियों पर नो पार्किंग के तहत जुर्माना किया गया है। 124 गाड़ियों का चालान कोर्ट भेजा गया है। रिंग रोड़-2 में चार थानों द्वारा 284 गाड़ियों पर आदेश का उल्लंघन करने की कार्रवाई की गई है।

- प्रशासन ने ही यहां नो पार्किंग पर गाड़ी खड़ी करने का 22 सौ का जुर्माना तय किया है। इसके बावजूद कार्रवाई करने वाले अफसर व जवानों को सस्पेंड करने से कई तरह की चर्चाएं हैं।

- महकमें का एक खेमा इससे खफा है। कहा जा रहा है कि कार्रवाई नहीं करने पर अफसरों की ओर से जवाब तलब होता है, अब कार्रवाई करने से आत्मदाह की कोशिश होने से पूरा ठीकरा एक अफसर पर फोड़ दिया।

- हालांकि विभागीय जांच में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।