पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्टूडेंट को परीक्षा हॉल में छोड़ ताश खेलते रहे टीचर; एग्जाम के बाद गायब मिली कई आंसर कॉपी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सीकर. पॉलिटेक्निक कॉलेज चंदपुरा में इलेक्ट्रिकल ब्रांच फाइनल ईयर का एग्जाम सवालों के घेरे में है। शुक्रवार शाम को एग्जाम के बाद कई परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं ही गायब हो गई। प्रभारी ने वीक्षकों से जवाब मांगा, लेकिन कोई कुछ नहीं बता पाया। अब कॉलेज प्रिंसिपल ने उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने की रिपोर्ट तैयार कर प्राविधिक शिक्षा मंडल को भेज दी है। इस मामले के बाद दैनिक भास्कर ने शनिवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर पड़ताल की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

 

यहां भास्कर को डस्टबिन में नकल की पर्चियां मिली। स्टाफ आपस में बातचीत कर रहा था। जबकि कुछ स्टूडेंट्स कोने में बैठकर अकेले ही पेपर हल करते हुए मिले। भास्कर टीम दोपहर में कॉलेज पहुंची तो सिक्योरिटी गार्ड ने करीब एक घंटे तक अंदर जाने ही नहीं दिया। इसमें जानबूझकर वक्त लगाया गया ताकि अंदर की व्यवस्था को ठीक कराया जा सके। टीम दूसरे रास्ते से जब कॉलेज के अंदर गई तो हैरान रह गई। यहां परीक्षा हॉल की खिड़कियों और परीक्षार्थियों की टेबलों के आस-पास सवालों के जवाब लिखी पर्चियां बिखरी पड़ी मिली। हॉल के बाहर लगे कचरा पात्र में जवाब लिखी पर्चियों के ढेर लगे हुए थे। वीक्षक भी परीक्षा हॉल में नहीं मिले। वे कॉलेज के लॉन में गप्पे लड़ा रहे थे, ताश खेल रहे थे।

 

कॉलेज के कैंपस में बिखरी पड़ी हैं कई नकल की पर्चियां, डस्टबिन भी अटे हुए, स्टूडेंट्स कोने में बैठकर हल कर रहे हैं पेपर

 

शुक्रवार को इलेक्ट्रिकल ब्रांच तृतीय वर्ष का एग्जाम था। दोपहर दो बजे स्टूडेंट्स को कॉलेज में प्रवेश दिया। वीक्षकों ने हॉल में स्टूडेंट को पेपर व उत्तरपुस्तिकाएं बांटकर एग्जाम शुरू करा दिया। आरोप है कि वीक्षक परीक्षा हॉल से चले गए। वीक्षकों ने जाते समय स्टूडेंट को हिदायत दी कि एग्जाम के बाद उत्तरपुस्तिकाएं टेबल पर छोड़ दें। फिर वीक्षक कॉलेज परिसर में दूसरी जगह बैठ गए। आरोप है कि वीक्षक ताश पत्तियां खेलने में जुट गए। शाम पांच बजे एग्जाम समय पूरा हुआ तो स्टूडेंट उत्तरपुस्तिकाएं टेबल पर छोड़कर चले गए। इसके बाद वीक्षक परीक्षा हॉल पहुंचे। सहायक स्टाफ की मदद से उत्तरपुस्तिकाएं इकट्ठी की। इसके बाद उत्तरपुस्तिकाओं को जमा कराने परीक्षा प्रभारी मुकेश जैन के पास पहुंचे। परीक्षा प्रभारी ने उत्तरपुस्तिकाओं की गिनती कराई तो कम निकली। उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने पर वीक्षक और कॉलेज स्टाफ सकते में आ गया। स्टाफ से जानकारी जुटाई और गायब उत्तरपुस्तिकाओं की खोज कराई, लेकिन उत्तरपुस्तिकाएं नहीं मिली।

 

परीक्षा हॉल में तीन वीक्षकों की लगाई थी ड्यूटी, तीनों गायब हो गए 

 

परीक्षा प्रभारी मुकेश जैन ने तीन वीक्षकों की ड्यूटी लगाई थी। लेक्चरर शेखर सैनी, गजानंद कुमावत और तकनीशियन महेंद्रकुमार को जिम्मेदारी सौंपी। कॉलेज से उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने के मामले की रिपोर्ट तैयार कर प्राविधिक शिक्षा मंडल को भेजी है। वीक्षकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।

 

 

उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने की रिपोर्ट मंडल को भेजी है : प्रिंसिपल
 

पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल आरएस बाजिया का कहना है कि इलेक्ट्रिकल ब्रांच के एग्जाम के बाद उत्तरपुस्तिकाएं गायब हुईं। प्राविधिक शिक्षा मंडल को रिपोर्ट भिजवाई है। वीक्षकों से जवाब मांगा तो कोई जवाब नहीं था। स्टूडेंट के भविष्य से जुड़ा मामला है। जिन स्टूडेंट की उत्तरपुस्तिका गायब हुई तो उनके संबंध में प्राविधिक शिक्षा मंडल ही फैसला लेगा। लेक्चरर के ताश खेलने और नकल कराने के आरोप गलत है। परीक्षा में कोई नकल नहीं कराई जा रही। सभी व्यवस्थाएं ठीक है। फिर भी सुरक्षा व्यवस्था को और ठीक किया जाएगा।