पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

प्रदेशभर में भट्टी की तरह तप रहे कई जिले, इंदौर में सुबह ही पारा 38 के करीब पहुंचा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. प्रदेश में मौसम के तेवर लगतार तीखे होते जा रहे हैं। पूरा प्रदेश भट्टी के सामान तप रहा है। इंदौर संभाग के कई जिलों का तापमान तो लगातार 42 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। इंदौर में रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 42.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं रात का तापमान 2 डिग्री ज्यादा होकर 27 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मंगलवार को तो सुबह ही तापमान 38 डिग्री पहुंच गया। फिलहाल तापमान 42 डिग्री या उससे ज्यादा ही रहने के आसार हैं। बता दें कि राहत की बूंदें 29 मई से बरसने का अनुमान है।


कई शहरों में पारा 44 डिग्री या उससे ऊपर
- दिन की बात करें तो एक सप्ताह से लगातार कई जिलों का तापमान 44 डिग्री के करीब बना हुआ है। प्रदेश में खरगोन के हालत तो सबसे बेकार हैं, यहां लोगों को सोमवार को 46 डिग्री पारे के बीच घर से निकलने को मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा होशंगाबाद, खजुराहो, दमोह, बुरहानपुर, बड़वानी, उज्जैन सहित कई शहरों में लू चलने से पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तपता रहा। कई शहरों में पारा 43-44 डिग्री या उसके पार रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि 80 फीसदी जगह दिन-रात के तापमान में इजाफा हुआ है।

 

आगे क्या : अगले दो दिन 13 जिलों में लू के आसार 
मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के बैतूल, होशंगाबाद, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, खंडवा, बुरहानपुर, छतरपुर, दमोह, सागर, रायसेन, राजगढ़ में लू चलने की संभावना है।
 

रोहिणी के दौरान हलकी बारिश होने का अनुमान 
- 25 मई से नौतपा (रोहिणी) शुरू हो रहा है, लेकिन उसके पहले ही गर्मी परेशान करने वाली महसूस हो रही है। महीने के अंत में उमस भी परेशान करेगी। कारण यह कि अरब सागर में सिस्टम बनने से उमस प्रवेश करना शुरू करेगी। ऐसी मान्यता है कि नौतपा में बारिश हो जाए तो मानसून प्रभावित हो जाता है। रोहिणी के जब पांच से छह दिन पूरे हो जाएंगे तो शहर में हलकी बारिश हो सकती है।

 

भट्टी की तरह तपने का कारण

- सोलर रेडिएशन ज्यादा देर तक रहने और गर्म हवा के ऊपर नहीं जाने से तप रही धरती।

13 जून तक मानसून प्रदेश में दे सकता है दस्तक

- भीषण गर्मी के बीच यह राहतभरी खबर है कि मानसून तय समय 1 जून से एक हफ्ते पहले यानी 25 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। मौसम केंद्र के न्यूमेरिकल वेदर प्रिडिक्शन के ऑपरेशनल एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्ट में यह अनुमान जाहिर किया गया है।

- मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल में मानसून 13 जून या उसके आसपास आ सकता है। उन्होंने बताया कि चार हफ्ते के लिए जारी इस फोरकास्ट में कहा गया है कि दूसरे हफ्ते में बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय रह सकता है। 15 मई के पास अंडमान निकोबार आ सकता है। तीसरे और चौथे हफ्ते में अरब सागर में मानसून में होने वाले सर्कुलेशन देखे जाने के आसार हैं।

- अनुमान में यह भी कहा गया है कि दक्षिण पूर्वी अरब सागर और उससे सटे केरल के क्षेत्र में यह एक्टिव रह सकता है। फोरकास्ट के अंत में यह निष्कर्ष है कि अंडमान रीजन और सदर्न टीप आफ इंडिया यानी केरल क्षेत्र में मानसून जल्दी आने का अनुमान है। शुक्ला ने बताया कि अरब सागर में सिस्टम बन रहा है। संकेत मिल रहे हैं कि हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी होता जा रहा है।

14 जून को रहेगा सबसे बड़ा दिन
मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि 14 जून को दिन सबसे बड़ा 13 घंटे 46 मिनट का रहेगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पश्चिम से आ रही गर्म हवा और सोलर रेडिएशन होने से दिन की अवधि और तपिश सबसे ज्यादा रही।

गर्मी में रखें अपना ख्याल

- गर्मी में सबसे ज्यादा समस्या डी-हाइड्रेशन की होती है, इसलिए खुद पर ज्यादार ध्यान देना चाहिए। इस मौसम में बहुत जल्द बच्चे व बुजूर्ग की तबीयत खराब होती है। ऐसे में जितना संभव हो कोशिश करें की धूप में कम निकलें।
- यदि बाहर निकलना पड़े तो चेहरे के साथ ही सिर को ढंककर निकलें। पसीना आने पर सिर पर पानी ना डालें।
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। हल्का भोजन करें और तरल पदार्थ का का ज्यादा सेवन करें। मठा और दही का उपयोग करें।


सोमवार को ये शहर खूब तपे

- खरगोन 46
- राजगढ़ 45.20
- दमोह 45.00
- होशंगाबाद 44.90
- खजुराहो 44.80
- शाजापुर 44.70
 

यहां रात ज्यादा गर्म 
- दमोह 30.80
- गुना 30.60

- शाजापुर 30.40
- जबलपुर 29.60

 

खबरें और भी हैं...