पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (एसीआई) में हार्ट सर्जरी के मरीजों के लिए 10 बेड का नया वार्ड शुरू हो गया है। यहां ऑपरेशन के पहले व बाद वाले मरीज रहेंगे। जरूरी स्टाफ की ड्यूटी भी लगा दी गई है। उधर, बायपास सर्जरी के लिए हार्ट लंग मशीन का टेंडर जारी हो गया, उम्मीद है कि जुलाई तक मशीन आएगी। इससे मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
एसीआई शुरू होने के छह माह बाद मरीज भर्ती करने का सिलसिला शुरू हुआ है। ऑपरेशन थिएटर में दो महीने से सर्जरी चल रही है। लेकिन अब नया वार्ड शुरू होने से गंभीर या सर्जरी के बाद के मरीजों को अंबेडकर अस्पताल के आईसीयू में ले जाने का झंझट नहीं रहेगा। बल्कि मरीज यहीं की ओटी से लगे इस वार्ड में भर्ती किए जाएंगे। प्रदेश में अपनी तरह के इस पहले सरकारी संस्थान में अब इंतजार बायपास सर्जरी शुरू होने का है। फेफड़े व खून की नसों का ऑपरेशन हो रहा है, हार्ट के छोटे ऑपरेशन भी हो रहे हैं, लेकिन बड़े ऑपरेशन के लिए हार्ट लंग मशीन की जरूरत होगी। हार्ट सर्जन भी जरूरी मशीन व उपकरणों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मरीजों की प्रतीक्षा सूची खत्म की जा सके। वर्तमान में 200 से ज्यादा मरीज हैं, जिनकी बायपास व बड़ी सर्जरी की जानी है।
24 उपकरणों के लिए टेंडर जारी
सीजीएमएससी ने एसीआई द्वारा 46 जरूरी मशीन व उपकरणों की सूची सौंपी गई थी। इनमें 24 उपकरणों के लिए टेंडर जारी किया गया है। टेंडर भरने की आखिरी तारीख 25 मई है। इसके बाद मशीन उपकरण सप्लाई के लिए एजेंसी तय हो जाएगी। सामान्यत: टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने से मशीन की सप्लाई होने में तीन से चार महीने लगते हैं। ऐसे में जरूरी मशीन व उपकरण अगस्त तक सप्लाई होने की संभावना है। उपकरण के लिए 10 करोड़ व रिनोवेशन के लिए दो करोड़ का बजट पहले ही स्वीकृत किया गया था।
परफ्यूजिनिस्ट व अन्य स्टाफ का चयन
बायपास सर्जरी के दौरान जरूरी स्टाफ परफ्यूजिनिस्ट का चयन कर लिया गया है। परफ्यूजिनिस्ट बायपास सर्जरी के दौरान हार्ट को जरूरी मात्रा में खून सप्लाई करने का काम करता है। संविदा में यहां हर महीने 18 हजार वेतन दिया जाएगा। ऐसे में देखना होगा कि परफ्यूजिनिस्ट एसीआई में ज्वाइन करता है अथवा नहीं। निजी अस्पतालों में 60 से 70 हजार वेतन हर महीने दिया जा रहा है। कैथलैब टेक्नीशियन, ओटी सुपरवाइजर, लैब सुपरवाइजर व कैथलैब असिस्टेंट की चयन सूची जारी कर दी गई है। सभी को ज्वाइन के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। डेढ़ महीने पहले 48 नर्सों की चयन सूची जारी की गई थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.