पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नगर निकायों में पोस्ट की कटौती गलत, इसका हर स्तर पर करेंगे विरोध

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों की कम की गई संख्या के विरोध में सभी मेयर और डिप्टी मेयर गोलबंद हो गए हैं। मेयर-डिप्टी मेयर काउंसिल ऑफ बिहार की बैठक रविवार को पटना नगर निगम में रखी गई थी। काउंसिल की अध्यक्ष सह पटना की मेयर सीता साहू ने कहा है कि पहले से ही इंजीनियरों और अधिकारियों की कमी के कारण निगम की योजनाएं पिछड़ी हुई हैं। अब अचानक से अफसरों की संख्या में कटौती करने के कारण निगम का विकास और कमजोर होगा। कार्यक्रम में पहुंचे 12 नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर ने नगर विकास एवं आ‌वास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा किया है।

 

बैठक के दौरान ही आया सीएम का बुलावा
बैठक के दौरान ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काउंसिल के सभी सदस्यों को मुलाकात के लिए बुलाया। शाम 5:45 मिनट पर सभी प्रतिनिधि आनन-फानन में सीएम आवास पहुंचे। सबने मिलकर 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। पटना के डिप्टी मेयर विनय कुमार पप्पू ने कहा है कि सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री ने मुलाकात के लिए बुलाया है।

 

सबकुछ आउटसोर्सिंग से संभव नहीं
गया के डिप्टी मेयर सह काउंसिल के संयोजक अखौरी ओंकार नाथ ने कहा है कि टैक्स कलेक्टरों की संख्या 53 से हटाकर दो कर दिया गया है। वहीं सफाई मजदूरों का पोस्ट ही हटाया जा रहा है। नगर निगम टैक्स कलेक्शन लेकर शहर की साफ-सफाई तक के कार्य आउटसोर्सिंग से कराने जा रही है। आने वाले दिनों में पार्षद किसी भी योजना की अनुशंसा भी नहीं कर पाएंगे। निगम सिर्फ पैसे जारी करने का कार्य करेगा। काम दूसरी एजेंसियों के हवाले होगा। इस तरह से निगम को अपंग बनाया जा रहा है। यदि काउंसिल की मांगों पर सरकार विचार नहीं करती है तो 

न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

 

सात मेयर और सात डिप्टी मेयर बैठक में हुए शामिल
मौर्यालोक परिसर में आयोजित बैठक में बिहार के सात-सात मेयर और डिप्टी मेयर शामिल हुए। बैठक में पटना की मेयर सीता साहू, आरा की मेयर प्रियम, मुजफ्फरपुर के मेयर सुरेश कुमार, दरभंगा की मेयर बैजंत देवी, गया के मेयर वीरेंद्र कुमार, कटिहार के मेयर विजय सिंह और छपरा की मेयर प्रिया देवी सिंह के साथ पटना के डिप्टी मेयर विनय कुमार, गया के अखौरी ओंकार नाथ, बेगूसराय के राजीव रंजन, पूर्णिया के संतोष कुमार यादव, आरा के मालती देवी, मुंगेर के सुनील राय, छपरा के अमितांजली सोनी उपस्थित थीं।

खबरें और भी हैं...