पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें- भोपाल लेक से रात में भी भाप बनकर उड़ रहा है पानी, और सूखा बड़ा तालाब, खूब तप रही हैं रातें।
- डेड स्टोरेज लेवल के करीब 1652.85 खिसका जल स्तर, 10 दिन में कम हो जाएगा 0 .85 फीट।
भोपाल. शहर में दिन के साथ रात भी खूब तप रही है। पहली बार ऐसा हुआ जब लगातार तीन दिन तक रात का तापमान 29 डिग्री पार रहा। तपिश का सीधा असर बड़े तालाब पर पड़ रहा है। तालाब का लेवल तेजी से कम हो रहा है। अब यह डेड स्टोरेज लेवल 1652 के काफी करीब पहुंच गया। शनिवार को इसका जल स्तर 1652.80 फीट रह गया। रात तपने से दिन के साथ रात में इससे तेजी से वाष्पीकरण हो रहा है। हालात यह हैं कि रोजाना 0.04 फीट पानी भाप बनकर उड़ जाता है। एक्सपर्ट कहते हैं कि यही रफ्तार रही तो दस दिन में यह डेड स्टोरेज लेवल 1652.00 फीट पर पहुंच जाएगा।
इन दिनों से बड़े तालाब से नगर निगम, बीएचईएल, ईएमई सेंटर, रेलवे मिलाकर 23 मिलियन गैलन रोजाना- एमजीडी पानी खप रहा है। पिछले 18 दिन में तालाब से एक फीट के करीब यानी 0.90 फीट लेवल कम हुआ। एक मई को तालाब का जल स्तर 1653.80 फीट था। 18 दिन में यह करीब एक फीट कम हो गया।
पिछले साल से करीब 8 फीट कम है लेवल
- पिछले साल की तुलना में इस बार इन दिनों बड़े तालाब का लेवल करीब 8 फीट कम है। पिछले साल इन दिनों तालाब का जल स्तर 1660.00 फीट था, जबकि इस बार 1652.80 फीट है। फुल टैंक लेवल 1666.80 से यह करीब 14 फीट कम है।
देर रात भी पारा 36 डिग्री पार
- शहर में रात में तपिश की यह स्थिति है कि देर रात भी पारा 36 डिग्री पार बना है। रात ढाई बजे से तड़के साढ़े पांच बजे तक पारा नीचे ही नहीं लुढ़क पा रहा है।
तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण भी ज्यादा होगा
- वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला का कहना है कि तापमान ज्यादा होगा तो वाष्पीकरण भी ज्यादा होगा। उमस भी ज्यादा पड़ेगी। भोपाल में रात का तापमान लगातार सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। इस वजह से तपिश भी ज्यादा है।
29 शहरों में तापमान 43-44 पार
- भीषण गर्मी से राजधानी समेत पूरा प्रदेश तप रहा है। मप्र के 29 शहरों में पारा 43- 44 डिग्री या उसके पार रहा। राजस्थान के रेगिस्तान से सटे इलाकों में पारा सबसे ज्यादा 44.6 डिग्री तक ही पहुंच सका। खरगोन, शाजापुर और खजुराहो में भी तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह में पारा 44.0 डिग्री तक पहुंच गया। देश के दस सबसे ज्यादा गर्म शहरों में मप्र के चार शहर शामिल हैं। मप्र में भोपाल समेत मालवा- निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल, विंध्य, ग्वालियर चंबल के इलाके खूब तपे। सुबह से शाम तक गर्म हवा चली।
मप्र में और कहां कितना रहा तापमान
राजगढ़- 44.4
रायसेन- 44.0
गुना- सागर- 43.8
दमोह - 44.0
भोपाल- 43.7
खंडवा- 43.5
जबलपुर- 43.2
होशंगाबाद, सतना - 43.1
रतलाम- 43.0
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.