- Hindi News
- National
- Kalka News The Dirt Near Dhobighat In Front Of Kali Mata Temple No Cleaning
काली माता मंदिर के सामने धोबीघाट के पास गंदगी, नहीं होती सफाई
पिंजौर-कालका में चरमराई सफाई व्यवस्था ने पीएम नरेन्द्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटर के स्वच्छ भारत व हरियाणा के नारे को पूरी तरह से फेल कर दिया है। दोनों शहरों में नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर कहीं भी गंभीर नहीं दिखाई देता। कालका में ऐतिहासिक माता काली का मंदिर जहां पर हर महीने लाखों श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं, लेकिन मंदिर के सामने धोबीघाट के पास रोड के किनारे गंदगी के ढेर जहां श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। वहीं हिमाचल की ओर जाने व आने वाले पर्यटकों को भी इस गंदगी की बदबू से परेशान होना पड़ रहा है। कई बार मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है। जिससे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें रोड के किनारे पर लग जाती हैं। इसी गंदगी डंपिंग वाली जगह से निकलना तक मुश्किल होता है, लेकिन इन श्रद्धालुओं को मजबूरन उसी बदबू के पास खड़े होना पड़ता है। यही गंदगी बरसात का पानी ज्यादा आने पर नदी में भी चली जाती है जो आगे जाकर खटीक मोहल्ला व रास्ते में नदी किनारे बने घरों के पास इकट्ठी हो जाती है। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के पदाधिकारियों के मुताबिक मंदिर के बाहर जहां भी गंदगी गिराई जाती है वो गलत है। हर किसी का फर्ज है कि जैसे अपने घर या उसके आसपास हम गंदगी नही गिरने देते वैसे ही मंदिर के आसपास भी इसका ध्यान रखे। धोबीघाट के पास जो गंदगी गिराई जा रही है उसके बारे में नगर निगम को लिखकर वहां से गंदगी हटाने व सड़क के साथ कोई लोहे की टीन या झाली लगाने के लिए भी कहेंगे ताकि कोई वहां गंदगी न गिरा सके।