पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. राजधानी में गुंडों के खिलाफ की गई पुलिस की कार्रवाई बेअसर रही। बेखौफ हो चुके गुंडे अब भी वारदात करने से नहीं चूक रहे हैं। इस बार चार बदमाशों ने घर से बाहर बुलाकर एक व्यक्ति पर देशी कट्टे से दो फायर कर दिए। आरोपियों में ऐशबाग थाने का गुंडा जुबेर मौलाना भी शामिल था। जुबेर के खिलाफ पुलिस बाउंड ओवर की कार्रवाई भी कर चुकी है। अब जहांगीराबाद पुलिस हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दोनों पैरों में लगीं गोलियां
- रोशनपुरा निवासी 40 वर्षीय अब्दुल नफीस एक अस्पताल में काम करते हैं। एसआई गजेंद्र जौहरिया के मुताबिक, शनिवार रात साढ़े 11 बजे नफीस घर पर खाना खा रहे थे। दस्तक सुनते ही उन्होंने दरवाजा खोला। सामने ऐशबाग इलाके का कुख्यात बदमाश जुबेर मौलाना और उसके साथी राजा, मोहसिन और सलमान खड़े थे।
- गाली-गलौच करते हुए राजा ने नफीस से उनके बेटे नोमान के बारे में पूछा। नफीस ने नोमान के घर पर न होने की बात कही तो आरोपियों ने उन पर ही गोलियां चला दीं। पहली गोली नफीस के बाएं पैर में लगी, जबकि दूसरी उनकी दाईं जांघ को छूते हुए गुजर गई। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है।
हो चुका है एनएसए और बाउंड ओवर
अशोका गार्डन पुलिस ने नवंबर 2017 में जुबेर के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की। इसी दौरान उसका बाउंड ओवर भी करवाया गया। इसके बाद भी आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
कमला पार्क पर फायर करने वाले बदमाश की पहचान हुई
कमला पार्क के पास दुकान हटाए जाने को लेकर हुए विवाद पर शनिवार रात पास हवाई फायर करने वाले एक बदमाश की पहचान कर ली गई है। आरोपी कमला नगर इलाके का रहने वाला बताया जाता है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार टीमें बनाई गई है। एएसपी जोन-3 राजेश सिंह भदौरिया के अनुसार दो दिन से कमला पार्क के यहां नगर निगम का अतिक्रमण अमला हाथ ठेला वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा था। इसी के चलते शनिवार रात नकाब पहने दो बदमाशों ने दुकानदारों को धमकाते हुए हवाई फायर किए थे।
बदमाश का निकाला जुलूस
युवक के सीने पर गुप्ती से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को स्टेशन बजरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार दोपहर पुलिस ने विजय नगर कलारी से चांदबड़ स्थित पावर हाउस तक आरोपी का जुलूस निकाला। एसआई डीपी सिंह के मुताबिक 28 वर्षीय प्रदीप उर्फ गुल्लू बाथम पर शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे रोहित मालवीय ने हमला कर दिया था। पुराने विवाद को लेकर आरोपी ने उसके सीने में गुप्ती घोंप दी थी। पुलिस ने लोगों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी और छेड़छाड़ समेत कुल 15 अपराध दर्ज हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.