पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. अरेरा हिल्स स्थित भोपाल हाट बाजार में आज यानि रविवार से 63वां रेल सप्ताह राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का शुभारंभ हो रहा है। इसके साथ भोपाल में पहली बार रेल प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें लगभग 20 से ज्यादा रेल डिवीजन की प्रदर्शनी लगाई जा रही हैं। प्रदर्शनी में भारतीय रेल की अद्भुत यात्रा की झलक दिखाई देगी।
-इसमें वर्ष 1851 के जेनी लेड स्टीम इंजन से लेकर अत्याधुनिक बुलेट ट्रेन दिखाई देगी। टीला जमालपुरा निवासी देवी प्रसाद रेकवार पिछले सात दिनों से अपने पांच साथियों के साथ मॉडल तैयार करने में जुटे हैं।
-अरेरा हिल्स स्थित भोपाल हाट बाजार में 15 से 17 अप्रैल तक 63वें रेल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अत्याधुनिक रेल तकनीक के इंजन, बुलेट ट्रेन, मुंबई का वीटी स्टेशन, महामना का मॉडल रैक, काजोल का हाथ पकड़ते शाहरुख, सेल्फी प्वाइंट सहित अन्य दृश्य खास आकर्षण का केन्द्र बने हैं।
-समारोह का शुभारंभ शाम 4.30 बजे होगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्वनी लोहानी करेंगे। इसका मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक बुलेट ट्रेन ई-5 होगा। इस मॉडल को नेशनल हाई स्पीड रेलवे कॉर्पोरेशन नई दिल्ली द्वारा बनवाया जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय रेलवे की सभी इकाइयां शामिल होंगी।
20 साल में पहली बार बनाया बुलेट ट्रेन का मॉडल
देवी प्रसाद रेकवार ने बताया कि वे 20 वर्षों में कई प्रकार के माॅडल बना चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से ताजमहल, लाल किला, शिवाजी टर्मिनल, एयर जेट-50 के मॉडल और रोबोट शामिल हैं। प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी उनके द्वारा बनाए गए मॉडल प्रसिद्ध हुए हैं। कंपनी ने उनके काम को देखते हुए बुलेट ट्रेन का मॉडल बनाने का जिम्मा सौंपा है।
बुलेट ट्रेन के साथ सेल्फी लो, इनाम जीतो
-बुलेट ट्रेन मॉडल के साथ सेल्फी लो.. फेसबुक पर अपलोड करो.. और इनाम पाओ। सेल्फी राजधानी के भोपाल हाट में लगाई जा रही रेलवे की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में रखे बुलेट ट्रेन के मॉडल के साथ ले लेनी होगी। इनाम उसी व्यक्ति को मिलेगा, जिसके द्वारा अपलोड की गई सेल्फी को फेसबुक पर सबसे ज्यादा लाइक मिलेंगे। रेलवे ने यह कदम बुलेट ट्रेन की ब्रांडिंग के लिए उठाया है। यह ट्रेन साल 2022 के आखिरी तक अहमदाबाद से मुंबई के बीच शुरू होगी।
बुलेट ट्रेन : कैसा होगा सफर
- अहमदाबाद से मुंबई के बीच 508 किमी की दूरी 2 घंटे 17 मिनट में तय करेगी ट्रेन।
- अहमदाबाद से मुंबई का किराया 3 हजार रुपए होगा।
- साल 2022 के आखिरी तक लाइन पर दौड़ने की संभावना।
- प्रदर्शनी में बुलेट ट्रेन को लेकर एक मिनी फिल्म दिखाई जाएगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.