पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

खुद को बदला, पत्नी को सुंदर बनाने करवाई सर्जरी, पत्नी ने तलाक मांगा तो कूद गया ट्रेन के सामने

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

खंडवा/इंदौर। शादी के 13 साल तक साथ रहे। पत्नी को पढ़ा-लिखाकर शिक्षित बनाया, सुंदर दिखने सर्जरी करवाई। दोनों का जीवन पटरी पर आया ही था कि पत्नी ने अचानक तलाक मांग लिया। पति सहन नहीं कर पाया और घर से सीधे रेलवे ट्रैक पर गया और ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या कर ली। पुलिस उसकी पत्नी से पूछताछ करेगी।

 

यह है मामला

 - मोघट पुलिस को गुरुवार को रेलवे के अफसरों ने सूचना दी कि ग्राम सिहाड़ा में रेलवे के पोल नंबर 576/18/22 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद पाल एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उन्हें पुलिया के नीचे बाइक क्र. एमपी-12एमआर- 0967 लावारिस खड़ी मिली, वहीं पटरियों के पास एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में मिले एक नंबर पर बात की तो शव की पहचान दिलीप पिता छगनसिंह चौहान (40) निवासी सिंघाड़ तलाई के रूप में हुई। पुलिस के मौके से ही सूचना देने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी शव की पहचान की। पुलिस ने मौका मुआयना कर पंचनामा बनाया और शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने पुलिस को बताया दिलीप जानी मानी चाय कंपनी में सेल्स एरिया मैनेजर के पद पर था और अच्छा खासा कमा लेता था।

 

9 महीने में बदल ली थी लाइफ स्टाइल
- सूत्रों के अनुसार दिलीप शराब पीने का आदी था, इसी बात को लेकर पत्नी आस्था (35) से उसका विवाद होता रहता था। पत्नी से वादे के बाद उसने 9 महीने से शराब पीना छोड़ दिया। इस दौरान उसने और पत्नी ने अपनी लाइफ स्टाइल बदल ली। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान उसने अच्छा खासा खर्च कर आस्था के चेहरे की सर्जरी भी कराई थी। दो बच्चे और पति-पत्नी खुश थे।

 

तलाक का नोटिस पति सह नहीं पाया

- मृतक के भाई गोविंद चौहान ने बताया आस्था और दिलीप में किसी बात को लेकर 2 साल से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले वह दो बच्चों और दिलीप को छोड़कर नेपानगर स्थित मायके चली गई। वहीं से उसने नोटरी के जरिए तलाक का नोटिस भेज दिया। इसी वजह से वह परेशान रहने लगा था। क्षेत्रवासियों के अनुसार पत्नी की इस हरकत से उसने फिर से शराब पीना शुरू कर दिया था। 

 

अंत्येष्ठि में भी नहीं पहुंची पत्नी

- मिली जानकारी अनुसार गुरुवार शाम को पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पति की मौत की सूचना पत्नी को दे दी गई थी, इसके बावजूद पत्नी अंत्येष्ठि में नहीं पहुंची। पति-पत्नी में विवाद सहित अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस पत्नी से पूछताछ करेगी।