पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबायसी(बिहार) तीन दोस्त जायलो से दालकोला जा रहे थे कि अचानक गाड़ी में सांप निकल गया और ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक के हाथ से लिपट गया। इससे घबराए युवक की गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलट गई। दुर्घटना में ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक की मौत हो गई और दो दोस्त घायल हो गए। मृतक युवक आर्यन पूर्णिया प्रोफेसर कॉलोनी के संतोष सिंह का पुत्र था। जानकारी के अनुसार पूर्णिया से शनिवार को तीन दोस्त जायलो से दालकोला जा रहे थे कि बायसी पूरब चौक मछली आढ़त के पास अचानक गाड़ी से सांप निकला। गाड़ी में सांप देख सबके होश उड़ गए। सांप हाथ से लिपटने के बाद युवक के हाथ से स्टेयरिंग छूट गई और गाड़ी गड्ढे में गिर गई।
दुर्घटना के बाद भी हाथ से लिपटा रहा सांप
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद भी युवक के हाथ से सांप लिपटा हुआ था। पुलिस व ग्रामीणों ने युवक आर्यन के हाथ से लिपटे सांप को छुड़ाकर उसे मार दिया। बायसी के सब इंस्पेक्टर जीतेन्द्र राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अब्दुल मन्नान ने घायल युवकों को हॉस्पिटल भिजवाया।
घर में इकलौता बेटा था आर्यन
घायल युवक ने बताया कि सांप गाड़ी से निकला और इसी कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ा। इधर, बायसी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आर्यन के परिवार वालों को इसकी सूचना दी। बताया जाता है कि 19 वर्षीय आर्यन अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.