पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. वॉट्सएप के जरिए 28 देश के करीब 454 लोगों को चाइल्ड पोर्नोग्राफी का प्रचार-प्रसार करने वाले रैकेट से जुड़े एक इंजीनियर मकरंद सालुंके (24) निवासी महू, बर्तन कारोबारी ओंकार सिंह राठौर (43) निवासी ग्राम दसई जिला धार और खंडवा के पास एक गांव में रहने वाले 12वीं के छात्र को इंदौर साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है।
‘किड्स सेक्स वीडियो ओनली’ और ‘ओनली किड्स सेक्स वीडियो’ नाम से बनाए थे ग्रुप
इन पर आईटी एक्ट की धारा 67बी में केस दर्ज किया गया है, जो देश में दूसरा और प्रदेश में पहला है। ग्रुप में 205 सर्वाधिक सदस्य भारत के हैं। पाकिस्तान के 177 सदस्य जुड़े हैं। साइबर सेल एसपी जितेंद्र सिंह के मुताबिक शहर में ऐसे वाॅट्सएप ग्रुप पर लोगों के जुड़ने की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसमें सिर्फ चाइल्ड पोर्नोग्राफी ही प्रचारित की जा रही थीं। ग्रुप पर नजर रखी गई तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे ग्रुप ‘किड्स ओनली सेक्स’ की जानकारी मिली। टीम के सदस्यों ने इसमें आम लोगों की तरह घुसपैठ कर पड़ताल शुरू की तो पता चला कि ग्रुप का एडमिन (मोबाइल नंबर) कुवैत का है। ग्रुप्स के सदस्यों ने ‘किड्स सेक्स वीडियो ओनली’ और ‘ओनली किड्स सेक्स वीडियो’ नाम से भी अलग-अलग ग्रुप बना रखे हैं। ये रोजाना 8 से 16 साल के बच्चों के अश्लील वीडियो और उसकी लिंक चलाते हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में बच्चों के साथ हो रहे ज्यादती के मामलों में भी यह बड़ा कारण है, क्योंकि इस तरह के वीडियो रखने या देखने वाले लोग मानसिक रूप से ऐसी चीजों से आकर्षित होकर ही ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
ये हैं पकड़े गए आरोपी
एसपी के मुताबिक आरोपी मकरंद सालुंके (24) निवासी श्रीराम नगर कॉलोनी धार नाका महू और ओंकार सिंह राठौर (43) निवासी नया बाजार ग्राम दसाई जिला धार व इनके खंडवा के पास एक गांव में रहने वाले नाबालिग साथी के मोबाइल में बच्चों के कई साले अश्लील वीडियो मिले हैं। आरोपी मकरंद पेशे से इलेक्ट्राॅनिक इंजीनियर है। वर्तमान में महिंद्रा कंपनी पीथमपुर में कार्यरत था। इसके मोबाइल में लोगों से अश्लील चैट भी मिली है, जिसमें वह लोगों को चाइल्ड पोर्नोग्राफी के वीडियो के लिए उकसाने की बात कर रहा है। इसने बताया कि कुछ समय पूर्व यह एक बॉयज ग्रुप में जुड़ा था। वहां से किसी ने इसे स्पेनिश में कोई लिंक भेजी थी, जिसे गूगल पर हिंदी ट्रांसलेट किया तो उसे ‘चाइल्ड पोर्न ओनली’ ग्रुप की जानकारी मिली। उसके बाद से ही वह इसमें जुड़ गया और लोगों को भी जोड़ने लगा। आरोपी ओंकार सिंह बर्तन कारोबारी है।
इस साल 22 फरवरी को सीबीआई ने ब्रेक किया था पहला मामला
एसपी के मुताबिक, चाइल्ड पोर्नोग्राफी को लेकर 22 फरवरी को सीबीआई ने एक केस रजिस्टर्ड कर 20 साल के आरोपी निखिल शर्मा कन्नौज (यूपी) को गिरफ्तार किया था। इसके मोबाइल में 119 देशों के 40 से ज्यादा वाॅट्स एप ग्रुप में इसी तरह की बच्चों से रिलेटेड अश्लील सामग्रियां थीं। उससे मुंबई, दिल्ली, नोएडा व अन्य शहरों के कई लोगों जुड़े थे। आईटी एक्ट की धारा 67बी का ये देश में दर्ज पहला मामला था, जबकि यहां दर्ज हुआ यह देश का दूसरा और प्रदेश का पहला मामला है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.