पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. शहर में शनिवार को अलग-अलग इलाकों में ठगी के दो मामले सामने आए। पहले मामले में एक फर्जी कंपनी बनाकर अकाउंटेंट ने एक शख्स से 35 लाख की ठगी कर ली तो दूसरे मामले में असिस्टेंट अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक छात्रा से 70 हजार की ठगी की गई।
फर्जी कंपनी बनाकर अकाउंटेंट ने की 35 लाख की ठगी
सरकारी निर्माण करने वाली डीएस कंस्ट्रक्शन कंपनी से उसके ही कैशियर ने 35 लाख की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद की फर्जी कंपनी बनायी और बिना कारोबार के पैसों का भुगतान कर दिया। जब कंपनी ने ऑडिट कराया तब फर्जीवाड़ा सामने आया। पुलिस ने अकाउंटेंट चित्रकांत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने कंपनी को ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
असिस्टेंट अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का झांसा छात्रा से 70 हजार ठगे
पुरानी बस्ती की छात्रा को ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाज ने असिस्टेंट अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर सत्तर हजार की ठगी कर ली। छात्रा को झांसा दिया गया कि रायपुर की एक फर्म में उसकी नौकरी लगा दी गई है। पंजीयन वगैरह के लिए उससे छह बार में अलग-अलग कर पैसे जमा करवाए गए।
सातवीं बार जब पैसे मांगे गए तब छात्रा को शंका हुई। उसने अपने पैसे वापस मांगे, उसके बाद से ठग ने मोबाइल ही बंद कर दिया। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस खाता नंबर के आधार पर ठग की तलाश कर रही है। पुलिस के साथ-साथ छात्रा को आशंका है कि नौकरी डॉट काॅम से बायोडाटा देखकर ही जालसाज को उसका पता चला। ठग ने छात्रा को फोन किया और कहा कि उसकी नौकरी लग गई है। वहां अच्छी पेमेंट मिलेगी। छात्रा असिस्टेंट अकाउंटेंट का पद सुनकर नौकरी करने को तैयार हो गई। उसके बाद ठग ने उससे पंजीयन और दूसरी कागजी कार्रवाई के लिए फीस जमा करने को कहा। इस तरह 25 दिन में छात्रा को सात बार फोन किया गया। हर बार कोई न कोई बहाना कर पैसे खाते में ट्रांसफर करवाए गए।
आठवीं बार जब छात्रा को फोन आया तब उसने कहा कि उसे नौकरी नहीं करनी। उसने अपना पैसा वापस मांगा। उसके बाद से ठग ने मोबाइल बंद कर दिया। पुरानी बस्ती पुलिस ने जांच के बाद चारसौबीसी और साइबर क्राइम का केस दर्ज कर लिया है। पुरानी बस्ती पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती छात्रा कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। उसने नौकरी डॉट काॅम में अपना पंजीयन कराया है। अपना बायोडाटा भी उसमें अपलोड किया है।
बिना जानकारी जमा न करें पैसे : पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि किसी भी कंपनी के बिना जानकारी के पैसे जमा न करें। नौकरी के लिए कहीं से भी फोन आए ताे पहले अच्छे से पता कर लें। पहले कंपनी में जाकर देखे और वहां के अधिकारियों से चर्चा करें। उसके बाद नियुक्ति पत्र मांगे, अगर जांच के बाद लगता है कि जो फोन आया है, वह सही है तो तब आगे की प्रक्रिया करें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.