पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

झुलसाने वाली गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल.   प्रदेश में मौसम के तेवर और तीखे हो गए हैं। हालात ये हैं कि भोपाल संभाग में भोपाल और राजगढ़ में रविवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। जहां राजधानी में रात का पारा 31.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, वहीं राजगढ़ में ये 31.8 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में पिछले 16 साल में ऐसा पांचवीं बार हुआ है जब मई में रात इतनी तपी है। इससे पहले 17 मई 2002 को रात का तापमान 32.9 डिग्री दर्ज किया गया था। जोकि 1980 से लेकर अब तक 38 साल में मई में रात का सबसे ज्यादा तापमान है। 

 

लू चलने से भट्ठी की तरह तपा प्रदेश

 

दिन की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में खरगोन सबसे गर्म रहा। यहां पारा 46 डिग्री पर पहुंच गया। होशंगाबाद, खजुराहो, दमोह, खरगोन सहित कई शहरों में लू चलने से पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तपता रहा। कई शहरों में पारा 43-44 डिग्री या उसके पार रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि 80 फीसदी जगह दिन-रात के तापमान में इजाफा हुआ।

 

आगे क्या : अगले दो दिन 12 जिलों में लू के आसार
मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के बैतूल, होशंगाबाद, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, खंडवा, बुरहानपुर, छतरपुर, दमोह, सागर, रायसेन और राजगढ़ में लू चलने की संभावना है।

 

ये शहर भी खूब तपे

राजगढ़ 45.2 डिग्री
दमोह 45.0 डिग्री
होशंगाबाद 44.9 डिग्री
खजुराहो 44.8 डिग्री
शाजापुर 44.7 डिग्री

यहां रात ज्यादा गर्म

दमोह 30.8 डिग्री
गुना  30.6 डिग्री
जबलपुर 29.6 डिग्री
शाजापुर 30.4 डिग्री

 

रविवार शाम 41 डिग्री था पारा

इसका मतलब यह है कि सूरज की किरणों से दिन में तपने वाली धरती रात में ठंडी नहीं हो पा रही है। रात का तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन की सबसे गर्म रात भी रही।  रात के वक्त भी गर्म हवा चल रही थी। लोगों के घरों में कूलरों से भी ठंडक नहीं हो पा रही थी। छतों पर रखी टंकियों से नलों में रात में भी गर्म पानी निकल रहा था। रविवार शाम 5.30 बजे पारा 41 डिग्री पर था। यह अगले तीन घंटे में रात 8.30 बजे बमुश्किल 3.2 डिग्री ही नीचे आ सका। 

 

तीन घंटे पारा लुढ़का ही नहीं, थमा रहा

तपिश की वजह से देर रात 2.30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक तीन घंटे में पारा स्थितर बना रहा। रात ढाई बजे यह 31.4 डिग्री पर था। सुबह 5.30 बजे भी यह 31.4 डिग्री पर ही थमा रहा। रविवार शाम 5.30 बजे पारा 41 डिग्री पर था। यह अगले तीन घंटे में रात 8.30 बजे बमुश्किल 3.2 डिग्री ही नीचे आ सका। 14 जून तक दिन दिन बड़े और रातें छोटी रहेंगी। इसके बाद से दिन और रात की अवधि में परिवर्तन शुरू होगा।

 

पिछले साल दो बार 31 डिग्री पहुंचा था

शहर में पिछले चार साल से मई में रातें ऐसी ही तप रही हैं। पिछले 16 साल में पांचवीं बार ऐसा हुआ जब रात का तापमान 31 डिग्री पार पहुंचा। इससे पहले 2002 में 17 मई को रात का तापमान सबसे ज्यादा 32.9 डिग्री दर्ज किया गया था। दूसरी बार 2015 में 31.1, तीसरी बार 2016 में 32.1 और चौथी बार 2017 में 14 एवं 27 मई को रात का तापमान 31.1 डिग्री तक पहुंच गया था।

 

10.41 घंटे में नहीं हो पा रहा रेडिशन
रविवार रात 10 घंटे 41 मिनट अवधि की रही। यह इस सीजन की सबसे कम अवधि की रात थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन की अवधि 13घंटे से भी ज्यादा की रही। इस वजह से दिन में सूरज की किरणें ज्यादा देर तक पड़ रही हैं। रात में इन्हें वापस होने का कम समय मिल रहा है। इस वजह से भी तपिश देर तक बनी रहती है। 

खबरें और भी हैं...