पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने मंगलवार से आमरण अनशन शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बाेला। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर करोड़ों हिन्दुओं से वादा-खिलाफी और यू-टर्न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनका मोदी से कोई व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है पर अगर वह नहीं चाहते तो मोदी मुख्यमंत्री अथवा प्रधानमंत्री नहीं बन पाते। भाजपा हिंदुओं की लाशों पर सत्त में आई है…
बेहद कड़े और तल्ख तेवर वाले भाषण के दौरान अयोध्या आंदोलन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 'हिन्दुओं की लाशों' पर सत्ता में आई है। प्रवीण तोगड़िया ने अहमदाबाद के पालडी स्थित डॉ. वणिकर भवन में राम मंदिर के लिए कानून, गोरक्षा कानून समेत अन्य मुद्दों को लेकर साधु संतों के साथ अनशन की शुरुआत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वह उन मांगों पर अड़े है जिनका वादा कर भाजपा सत्ता तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि वह सिर कटा सकते हैं पर हिन्दुओं से गद्दारी नहीं कर सकते। मोदी सरकार ने अब तक एक भी वादा पूरा नहीं किया बल्कि करोड़ों हिन्दुओं और भाजपा, संघ और विहिप को छोटे-छोटे चंदे देने वाले करोड़ों व्यापारियों से भी वादा खिलाफी की है। पहले गो रक्षकों को भाई बताने वाले मोदी को अब वे गुंडे लगते हैं।
100 करोड़ हिन्दुओं की आवाज दबने नहीं दूंगा
तोगड़िया ने कहा कि मोदी सरकार के चार साल में वादे पूरे नहीं हुए। मैं अपना सिर कटा लूंगा पर हिन्दुओं से गद्दारी नहीं कर सकता। 100 करोड़ हिन्दुओं की आवाज दबाने के प्रयास के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। तोगड़िया के समर्थन में हैदराबाद, नागपुर, कोच्चि, त्रिवेंद्रम और लखनऊ जैसे स्थानों पर भी अनशन हुए।
पूर्व सरकारों पर आरोप लगाने वाली भाजपा का यू-टर्न
पहले की सरकारों के दौरान भाजपा मनरेगा, जीएसटी, एफडीआई, पाकिस्तान के खिलाफ ढुलमुल रवैये समेत जिन मुद्दों का विरोध करती थी, आज इन मुद्दों पर केंद्र की मोदी सरकार ने उन पर यू-टर्न ले लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के नोट बंदी और जीएसटी से 70 प्रतिशत गृह उद्योग बंद हो चुके हैं।
नकदी संकट के लिए नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे लोग जिम्मेदार
कई राज्यों में नकदी संकट पर तोगड़िया ने कहा कि इसके लिए बैंककर्मी जिम्मेदार नहीं है बल्कि नीरव मोदी, विजय माल्या जैसे लोग बैंको का आठ लाख करोड़ रूपया एनपीए कर भाग गए हैं जिसके चलते ऐसी स्थितियां पैदा हो रही हैं। इतने पैसों से किसानों की कर्जमाफी और अन्य वादे पूरे किए जा सकते थे। सरकार हर साल एक करोड़ रोजगार देने के मामले में भी विफल रही है। पांच लाख कश्मीरी हिन्दू आज भी बसाए नहीं जा सके हैं। तीन करोड़ बंगलादेशी घुसपैठियों को निकालने के बजाय रोहिग्या मुसलमानों को बसाया जा रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सैनिकों को आए दिन पाकिस्तान मार रहा है पर उसे सबक सिखाने के लिए आपकी 56 इंच की छाती नहीं है, उल्टे उसे सबसे पसंदीदा देश का दर्जा दिया गया है।
तोगड़िया को मनाने में जुटे हैं संघ और भाजपा के नेता
प्रभारी जेसीपी नीरजा गोटरू ने बताया कि अनशन कार्यक्रम के लिए एक दिन की मंजूरी दी गई है। सोमवार को तोगड़िया को मनाने के प्रयास विफल रहने के बाद अनशन तोड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र पटेल तथा संघ के नेता प्रफुल्ल सेजलिया और कुछ अन्य ने प्रवीण तोगड़िया से दोबारा मुलाकात की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.