पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. राजधानी में सड़क पर बेतरतीब खड़ी हो रही सिटी बसों पर अब लगाम लगेगी। शहर के सभी सिटी बस स्टॉपेज के सामने मेट्रो सिटी की तर्ज पर बस बॉक्स बनाए जा रहे हैं। उसी दायरे में सिटी बसें खड़ी कर सवारी को उतारा और चढ़ाया जाएगा। ऐसा न करने पर जुर्माना वसूलने की तैयारी की जा रही है। सिटी बस के सड़क पर कहीं भी खड़े होने से बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भास्कर ने मुद्दा उठाया था। नगर निगम ने इस मामले में गंभीरता दिखाई और शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर बने बस स्टॉपेज पाइंट पर इन्हें बनाया जा रहा है।
बसों के बेतरतीब सड़क पर खड़े होने को लेकर भास्कर ने उठाया था मुद्दा, मेट्रो सिटी के तर्ज पर बनेंगे 65 जगह बस बॉक्स
निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में ऐसे 65 सिटी बस स्टॉपेज के सामने बस बॉक्स बनाए जाएंगे। उस निश्चित जगह पर ही बसें खड़ी होंगी। इससे जहां लोगों को सुविधाएं बढ़ेगी तो दूसरी ओर बस के सड़क पर खड़े होने से प्रभावित होने वाला ट्रैफिक भी सुधरेगा। पिछले दो दिनों के दौरान निगम ने जीई रोड के अधिकतर बस स्टॉपेज पाइंट पर बॉक्स बनाया है।
जयस्तंभ चौक, राजकुमार कॉलेज, एनआईटी, जीई रोड और जेल रोड के सामने सिटी बस स्टॉपेज में बॉक्स बनाए गए हैं। अब इस जगह पर ही बॉक्स के अंदर सिटी बस खड़ी हो रही है। इसे लेकर निगम अफसरों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर नजर रखी जा रही है। सभी सिटी बसों चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बॉक्स के अंदर ही सड़क किनारे वाहन खड़ी करेंगे। ऐसा न करने और शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई होगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.