पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबक्सर/(बिहार)। दानापुर-मुगलसराय रेलखंड पर शनिवार की सुबह ओवरहेड तार टूटने से बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन में सवार करीब 14 हजार यात्रियों की जान बच गई। डाउन लाइन पर करीब 8 घंटे व अप लाइन में 3 घंटे तक परिचालन नहीं हो सका। दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
- मिली जानकारी के अनुसार मोकामा ईएमयू शटल पैसेंजर डुमरांव पश्चिमी गुमटी से क्रॉस करने वाली थी। ट्रेन क्रासिंग से करीब 600 मीटर दूर थी तभी ओवरहेड तार टूट गया।
- तार टूटने से व इंजन में लगे एंगल फंसकर रगड़ खाते हुए करीब 200 मीटर तक चले गए। इस दौरान तेज आवाज के साथ उठी चिनगारी से यात्रियों के होश उड़ गए।
- पांच जगहों पर तार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। अनहोनी की आशंका से यात्रियों में बेचैनी हो गई। लगा कि सभी यात्री ट्रेनों से कूद पड़ेंगे।
- यह देख ट्रेन के ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रुकते ही सहमे यात्री कूदकर भागने लगे। कई को चोटें भी आईं।
- शनिवार को शिवरात्रि व सतुआनी होने से ट्रेन में गंगा स्नान से लौटने वाली महिलाओं की संख्या अधिक थी। रेल सूत्रों ने बताया कि करीब 14 हजार लोग ट्रेन में सवार थे।
ट्रेन रुकते ही भगदड़, मिनटों में बोगियां खाली
- ड्राइवर ने जैसे ही ट्रेन रोकी, यात्रियों के बीच उतरने को लेकर भगदड़ मच गई। नौजवान ट्रेन से कूदकर भाग खड़े हुए। वहीं महिलाएं भी जैसे-तैसे उतरीं।
- भगदड़ में ट्रेन के अंदर कई यात्रियों का जूता-चप्पल व सामान छूट गया। यात्रियों की आवाज सुनकर सुबह के समय खेतों में काम करने वाले किसान भी दौड़ कर पहुंचे।
- कुछ यात्री ट्रेन से दूर खेतों में जाकर खड़े हो गए। ट्रेन से उतरने के बाद किसी को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था।
- शिवरात्रि व सतुआनी पर्व होने से महिला श्रद्धालु देर रात ही बक्सर में आ गई थी। सुबह स्नान करने के बाद शटल पैसेंजर से लौट रही थीं।
- जब यात्रियों काे जानकारी मिली कि ट्रेन खुलने में समय लगेगा तो अपने सामान के साथ चार सौ मीटर की दूरी तय कर पश्चिमी गुमटी के पास पहुंची।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.