पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुजफ्फरपुर(बिहार). किउल स्टेशन से कुछ ही दूरी पहले शनिवार तड़के मौर्य एक्सप्रेस में बोगी को चीरते हुए एक रेल बोगी में घुसने से एक यात्री की मौत व दो के घायल होने के 8 घंटे बाद भी ट्रेन यात्री दहशत में थे। लोगों के चेहरे पर डर और दहशत साफ नजर आ रही थी। ट्रेन के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने पर उस खौफनाक घटना को बताते हुए यात्रियों की आंखें भर आईं और एक महिला तो फूट-फूटकर रोने लगी।
ट्रेन में चिंगारी निकलने से कूदे यात्री
किउल की घटना के बाद राजेंद्र पुल स्टेशन के समीप मौर्या एक्सप्रेस की एक बोगी में चिंगारी निकलने पर यात्री नीचे उतर गए। फिर लोकोपायलट व गार्ड उतरकर यात्रियों को समझाकर चढ़ने का अनुरोध किया। इसके बाद यात्री ट्रेन में सवार हुए।
सिपाही यादव ने कहा-सभी यात्री सामान छोड़ कर नीचे भाग गए
बलिया के रहने वाले सिपाही यादव ने बताया कि जब रेल अंदर घुसा तो बोगी धुएं से भर गई। यात्री की मौत व जख्मी होने से बोगी खून से लथपथ हो गई थी। वे लोग डर गए थे। सभी यात्री अपने सामान को छोड़कर नीचे भाग गए।
'मैं सो रही थी, शोर पर जागी'
वहीं गोरखपुर जा रहीं कुमारी संध्या रांची से बीएचएमएस में नामांकन कराकर उसी बोगी में सफर कर रहीं थीं। घटना के समय वह सो रही थी। शोर हुआ तो वे उठकर बैठी, कुछ समझ पातीं तब तक बोगी में खून पसर गया था।
शैलेश ने कहा- यात्रियों ने वैक्यूम कर ट्रेन रुकवाई
सीवान के मैरवा निवासी शैलेश कुमार रांची से आ रहे थे। उन्होंने बताया कि करीब 3.45 बजे तड़के सभी यात्री सो रहे थे और किउल स्टेशन के कुछ ही दूर पहले ट्रेन काफी स्पीड में थी। इसी बीच बम विस्फोट जैसा जोरदार धमाका हुआ। इसके कुछ देर बाद एक लोहे का रेल पावदान में फंसने के बाद बोगी के बॉडी को चीरते हुए अंदर घुसा और खिड़की के बगल वाली सीट पर बैठे एक यात्री के शरीर को चीरते हुए दूसरी ओर निकल गया। इससे वह खून से लथपथ हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं साइड वाली सीट पर बैठे दो यात्री जो पैर नीचे कर बैठे हुए थे, उनमें एक का पैर और दूसरे का अंगूठा कट गया। घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेन को वैक्यूम कर रुकवाया। इस पर लोकोपायलट उतरकर आए और बाद में किसी तरह ट्रेन को किउल स्टेशन लाया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.