पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंधमाकों के बाद सीरिया शरणार्थियों पर स्थानीय लोगों ने हमले किए
सीरिया से लगने वाली सीमा के नजदीक तुर्की के रेहानली कस्बे में हुए कार बम धमाकों में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं और लगभग 100 घायल हो गए हैं.
तुर्की के गृह मंत्री मुआम्मर गुलेर ने तुर्की के एनटीवी को बताया कि शहर के नगर पालिका भवन और डाक घर के पास दो कार बम धमाके हुए.
अभी तक किसी गुट ने इन धमाकों को जिम्मेदारी नहीं ली है.
घटनास्थल से मिली तस्वीरों में घायलों को अस्पताल ले जाते हुए दिखाया जा रहा है जबकि धमाकों में इस्तेमाल कारों के अवशेष इधर उधर बिखरे हुए हैं.
रेहनाली कस्बे से होकर ही बहुत से सीरियाई लोग तुर्की में शरण ले रहे हैं. सीरिया में पिछले दो वर्षों से भी ज्यादा समय से राष्ट्रपति बशर अल असद के खिलाफ विद्रोह चल रहा है.
सीरियाई संकट में अब तक लगभग 80 हजार लोग मारे जा चुके हैं जबकि हजारों लोग पड़ोसी देश तुर्की का रुख कर रहे हैं.
'सुरक्षा में सक्षम'
स्थानीय मीडिया के अनुसार रेहनाली में धमाकों के बाद स्थानीय लोगों ने सीरियाई नंबरों वाली कारों और सीरियाई शरणार्थियों पर हमला किया.
तुर्की के विदेश मंत्री अहमद दावातोगलु ने कहा कि तुर्की अपनी सुरक्षा में सक्षम है.
बर्लिन दौरे पर गए दावातोगलु ने कहा, “कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं जो तुर्की की शांति को भंग करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे. किसी को तुर्की की शक्ति की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए. हमारे सुरक्षा बल सभी जरूरी कदम उठाएंगे.”
तुर्की की सरकार सीरियाई विद्रोहियों का समर्थन कर रही है और इसीलिए उसने सीरियाई शरणार्थियों और विद्रोहियों को अपने यहां शरण दे रखी है.
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.