पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच एक तरफ भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच ट्वीटर पर घमासान मच गया है। पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने जहां लगातार दो ट्वीट करके पीएम मोदी को जुमलेश्वर बाबा करार दिया है। वहीं, भाजपा ने भी पलटवार करते हुए जनता को 420 कहने का आरोप लगाते हुए उनको छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगने की नसीहत दी है। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा और झीरम घाटी के मुद्दे को उठाते हुए इसकी जांच को लेकर भी सवाल खड़ा किया है।
भूपेश ने कहा- जुमलेश्वर बाबा और झूठेश्वर शिष्य कल फिर सुनाएंगे जुमला
भूपेश बघेल ने अपने ट्वीटर हैंडल से पीएम और सीएम पर निशाना साधा है। पहले ट्वीट में उन्होंने आवश्यक सूचना देते हुए लिखा है कि जुमला एक्सप्रेस शनिवार को प्लेटफार्म संख्या 420 पर प्रवेश करेगी। इसमें जुमलेबाजी के मठाधीश जुमलेश्वर बाबा का जुमलों की पोटली के साथ छत्तीसगढ़ आगमन होगा। दूसरे ट्वीट में लिखा कि जुमलेश्वर बाबा एवं उनके लाेकल शिष्य झूठेश्वर बाबा कल पूरे राज्य में जुमलों की बरसात करेंगे।
भाजपा का जवाब- जनता से माफी मांगंे वरना ट्वीट करने का भी काम नहीं बचेगा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने बघेल को आड़े हाथों लिया है। शर्मा ने बघेल से पूछा है कि क्या यह ट्वीट कर आप छत्तीसगढ़ की जनता को अपमानित नहीं कर रहे हैं। यह राष्ट्रभक्त ईमानदार नागरिकों का प्रदेश है। आपको 420 कहने का अधिकार किसी ने नहीं दिया है। आप इस ट्वीट के लिए जनता से माफी मांगे। नहीं तो जनता ऐसा सबक सिखाएगी कि आपके पास ट्वीट करने के अलावा कुछ काम ही नहीं बचेगा।
झीरम कांड का दोषी कौन, पीएम जवाब दें : नायक
पीएम के दौरे की जा रही सुरक्षा के बीच कांग्रेस ने झीरम कांड का उल्लेख करते हुए पीएम से जवाब मांगा है। कांग्रेस प्रवक्ता किरणमयी नायक ने पीएम से पूछा है कि 2013 में झीरम कांड के समय पुलिस अधिकारी नक्सली हमले का तमाशा देख रहे थे। ऐसी क्या वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जघन्य हत्याकांड की जांच नहीं करा पा रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.