- Hindi News
- National
- Ranchi News Two Smugglers Arrested For Taking Four Minor Girls From Poor Chariot To Delhi
चार नाबालिग बच्चियों को गरीब रथ से दिल्ली लेकर पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार
झारखंड से नाबालिग बच्चियों की ट्रैफिकिंग का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को गरीब रथ से झारखंड की चार नाबालिग बच्चियों को लेकर दिल्ली पहुंचे दो तस्कर को दिल्ली जीआरपी ने एक एनजीओ के सहयोग से गिरफ्तार किया। चार बच्चियों को रेस्क्यू कर दिल्ली चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।
चारों नाबालिग बच्चियों को 13 मार्च को रांची से लेकर तस्कर गुमला बसिया निवासी राम विनय साहू अपने एक अन्य सहयोगी के साथ दिल्ली जा रहा था। जैसे ही 14 मार्च को ट्रेन दिल्ली स्टेशन पहुंची, रांची पुलिस की सूचना पर एक एनजीओ और जीआरपी दिल्ली की मदद से उसे पकड़ लिया गया। गुमला व लोहरदगा की रेस्क्यू चार बच्चियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि राम विनय साहू उनके घर वालों से यह कह दिल्ली ले गया था कि सभी को घरेलू नौकरानी का काम दिलाएगा। लेकिन सभी बच्चियों के नाबालिग होने व ट्रैफिकिंग का मामला होने की वजह से उसे गिरफ्तार किया गया। दिल्ली में इस मामले में चाइल्ड लेबर, नाबालिग बच्चियों की ट्रैफिकिंग और जेजे एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एफआईआर दर्ज हुआ है। अब कार्रवाई के लिए बसिया गुमला थाना भेजा जाएगा।
दिल्ली से गिरफ्तार तस्कर।
दिल्ली में गिरफ्तार तस्कर चलाता है प्लेसमेंट एजेंसी
गिरफ्तार राम विनय साहू से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह दिल्ली के निहाल विहार में विश्व सर्विस सेंटर नाम से प्लेसमेंट एजेंसी चलाता है। इसमें झारखंड से नाबालिग बच्चियों को लाकर घरेलू नौकरानी के काम में लगाता था।