पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

उपद्रव में शामिल 2 छात्र पकड़े बोले- लाखन बौद्ध ने कहा था आंदोलन में शामिल होना है

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.   2 अप्रैल को हुए उपद्रव में शामिल दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा है। एक बीएससी का छात्र है दूसरा, बीटेक कर चुका है। पूछताछ में इन युवकों ने बताया कि उनके साथ 25 और लोग जुलूस में शामिल होकर उपद्रव करने के लिए निकले थे। लाखन सिंह बौद्ध भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए साठ फुटा रोड इलाके में सभाएं लेने के लिए 24-25 मार्च को आया था। 


टीआई थाटीपुर रविंद्र गुर्जर के अनुसार, मंगलवार को सांख्यिकी अधिकारी संदीप दोहरे को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया था। उसकी बाइक पर दो और युवक बैठे थे। इनकी पहचान सुशील विमल निवासी रतियापुरा, गोरमी के रूप में हुई। अभी वह गल्ला कोठार में किराए का कमरा लेकर रहता है और बीएससी सेकंड ईयर का छात्र है। 

 

वहीं दूसरा युवक रोहित वरसेना निवासी विवेक नगर है। रोहित के पिता रामशंकर पीएचई में पदस्थ हैं। रोहित बीटेक कर चुका है और प्रतियोगी परीक्षाअों की तैयारी कर रहा है। टीआई श्री गुर्जर का कहना है कि सुशील और रोहित ने 25 और युवकों के उपद्रव में शामिल होने की बात बताई है।

उपद्रव में शामिल एमआईटीएस के कर्मचारी सहित दो पकड़े
मुरार थाने की पुलिस ने 2 अप्रैल को हुए उपद्रव में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। टीआई अजय पंवार के अनुसार, राजकुमार जाटव माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वहीं सुरेंद्रजीत सिंह निवासी लाल टिपारा बीएससी का छात्र है। यह दोनों मुरार इलाके में तोड़फोड़ करने वालाें में शामिल थे।

 

हत्या के आरोपियों को नहीं मिली जमानत
भारत बंद के दौरान हुए उपद्रव में मारे गए राकेश टमोटिया की हत्या के आरोपी ऋषभ भदौरिया व ऋषि गुर्जर के जमानत आवेदन को विशेष न्यायालय ने खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान मृतक के भाई लाखन सिंह ने अपने अभिभाषक के माध्यम से जमानत आवेदन का विरोध किया। वहीं विशेष लोक अभियोजक अभय पाटिल ने भी ये कहते हुए जमानत आवेदन का विरोध किया कि यदि आरोपियों को जमानत का लाभ दिया गया तो वे साक्ष्य को प्रभावित कर सकते हैं। उनके तर्क से सहमति जताते हुए न्यायालय ने जमानत आवेदन खारिज कर दिया।

खबरें और भी हैं...