पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंराजेश जोशी
बीबीसी संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष उमा भारती ने कहा है कि काँग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी कभी भी भारत की नहीं कहला पाएँगी.
बीबीसी हिंदी सेवा के साथ एक विशेष बातचीत के दौरान उमा भारती ने कहा, “एक फ़ैक्ट तो वो नहीं बदल पाएँगी – मैं इटली की नहीं कहला पाऊंगी, वो भारत की नहीं कहला पाएँगी”.
उमा भारती ने ये भी कहा कि एक महिला होने के नाते उनकी सहानुभूति सोनिया गाँधी के साथ है और सोनिया गाँधी को एक नागरिक की हैसियत से उतने ही अधिकार होंगे जितने उमा भारती को होंगे.”
पर उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि अगर कोई विदेशी भारत में आकर सेवा करे तो हमें क्यों आपत्ति होगी.
उमा भारती ने सोनिया गाँधी के सामाजिक कार्यों पर टिप्पणी करने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि “हम अपने देश में सबके प्रति सम्मान का भाव रखते हैं”.
इसी जवाब में उन्होंने आगे कहा, “सामाजिक क्षेत्र में बहुत सी ईसाई मिशनरियाँ भी हमारे देश में काम कर रही हैं. मैं जब ख़ुद मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री थी तो ईसाई मिशनरियों ने मुझसे कहा था कि आपको हमसे कोई दिक्कत तो नहीं है. तो मैंने कहा नहीं क्योंकि आप स्कूल चलाते हैं, अस्पताल चलाते हैं अच्छी बात है. लेकिन अगर आप धर्मांतरण करेंगे तो आपको राज्य छोड़ना पड़ेगा.”
मिर्ची का छौंकापर बाद में उन्होंने कहा कि ये बात वो सोनिया गाँधी नहीं बल्कि विदेशियों के संदर्भ में कह रही हैं.
आप सोनिया गाँधी के संदर्भ में ईसाई मिशनरियों की बात क्यों कह रही हैं?
नहीं, मैं विदेशी के संदर्भ में कह रही हूँ. कोई विदेशी आए देश की सेवा करे तो हम क्यों आपत्ति करेंगे.
आप किसे विदेशी मान रही हैं क्योंकि वो (सोनिया) भारत की नागरिक हैं?
नागरिक तो कोई भी हो जाएगा.
आपकी नज़र में वो अब भी विदेशी हैं?
कैसे बदल सकता है? वो इटली में पैदा हुई हैं ये तो बदल ही नहीं सकता है जब तक इस जीवन में हैं. इस फ़ैक्ट को आप क्यों बदलना चाहते हैं? आपको इससे चिनचिनी क्यों लगती है? लाल मिर्च का छौंका क्यों लगता है इस बात से?
निश्चित रूप से उनकी नागरिकता का अधिकार उतना ही है जितना मेरा है. उनको एक नागरिक की हैसियत से उतने ही अधिकार होंगे जितने उमा भारती को होंगे. लेकिन एक फ़ैक्ट तो वो नहीं बदल पाएँगी – मैं इटली की नहीं कहला पाऊंगी, वो भारत की नहीं कहला पाएँगी.
(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.