पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Varanasi
  • ​बनारस में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, Under Construction Flyover Collapse In Varanasi Several Feared Trapped

​बनारस में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, हादसे की दर्दनाक तस्वीरें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

वाराणसी. बनारस के कैंट स्टेशन से 100 मीटर दूर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां अंडर कंस्ट्रक्शन फ्लाईओवर का एक बीम गिर गया। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है। मलबे के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बीम करीब 200 मीटर लंबा और 100 टन वजनी था। मामले में चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर समेत चार अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया। जिस जगह ये हादसा हुआ है, वो बेहद भीड़भाड़ वाला इलाका है। बनारस पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र है। 

 

- सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुल गिरने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तेजी से बचाव कार्य करते हुए लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। 
- जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर का हिस्सा टूटकर नीचे गुजर रहे वाहनों पर जा गिरा। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे मिनी बस, दो कार, मोटरसाइकिल और वैन दबे हुए हैं। चश्मदीदों की मानें, तो पुल के स्लैब के नीचे 50 से ज्यादा लोग दबे हुए हैं। ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 
- मौके से आ रही तस्वीरों में निर्माणाधीन पुल के टूटे हुए हिस्से के नीचे कई गाड़ियां दबी हुई देखी जा सकती हैं। स्थानीय राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। घटनास्थल पर प्रशासन और बचाव दल भी मौजूद है।

 

आधे घंटे देरी से पहुंचा प्रशासन
'मैं वहां से बाइक से गुजर रहा था। घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर था कि अचानक जोरदार आवाज आई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। करीब आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां निर्माणाधीन पुल के बीम के नीचे दब गईं। पूरी तरह से लोग मर गए होंगे। चारों ओर हाहाकार मच गया। एक मिनी बस और चार कार पूरी तरह से दबी हुई हैं। 50 से ज्यादा के मरने की आशंका है।'- चश्मदीद

 

'घटनास्थल के पास ही मेरा घर है। जैसे ही धड़ाम की आवाज आई और पता चला कि बहुत बड़ा हादसा हो गया है, हम दौड़े चले आए। यहां आकर देखा कि पुल गिरा हुआ है और उसके नीचे कई गाड़ियां दबी हुई हैं। हादसे के एक घंटे बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा है। पुल के नीचे दर्जनों लोग होंगे। मिनी बस आधी चपेट में है। दो-चार कारें भी अंदर दबी हुई हैं। शायद ही कोई बचा होगा।'- चश्मदीद

 

अखिलेश की अपील
- पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा- 'सरकार से ये अपेक्षा करता हूं कि वो केवल मुआवजा देकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं भागेगी, बल्कि पूरी ईमानदारी से जांच करवाएगी।'
- साथ ही लिखा- 'वाराणसी में पुल के हादसे में लोगों को बचाने के लिए मैं वहां के अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे बचाव दल के साथ पूरा सहयोग करें।'

 

मुआवजे का एलान
- सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 2 लाख रुपए बतौर मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है।
- साथ ही हादसे की जांच करने की बात कहते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर जताया दुख
- प्रधानमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'वाराणसी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरने से बेहद दुखी हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने अधिकारियों से बात कर प्रभावितों को पूरा सहयोग देने के लिए कहा है।' 
- अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मैंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से घटना के संबंध में बात की है। यूपी सरकार स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाने में मदद कर रही है।'

 

एक नजर में अंडर कंस्ट्रक्शन फ्लाईओवर
>
सिगरा थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में बन रहा फ्लाईओवर।
> निर्माण के लिए 2 मार्च, 2015 को 12973.80 लाख रुपए की राशि की गई मंजूर। 
> अक्टूबर 2015 में पुल बनना शुरू हुआ। 
> इसे पूरा करने की सीमा अक्टूबर 2018 तय की गई।
> अब तक 47% काम ही पूरा हो पाया है। 
> उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा कन्स्ट्रक्शन।

खबरें और भी हैं...