बेमौसम बारिश से बदहाल हुईं सड़कें
बेमौसम बरसात ने खलारी कोयलांचल की सड़कों को बदहाल कर दिया हैं। खलारी कोयलांचल की सभी सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया है। कोयला खानों से लेकर विभिन्न रेल साइडिंगों तक कोयला ढुलाई की सड़क बदहाल हो गई है। कई सड़कें ऐसी हैं जिनसे कोयला ट्रांसपोर्टिंग भी होता है और आमलोगों के चलने की सड़क भी वही है। ट्रांसपोर्टिंग सड़कें तो बदहाल हैं ही, अन्य सड़कों पर भी पानी भर गया हैं। खलारी ओवरब्रिज का पूर्वी पहुंच पथ सबसे अधिक खराब स्थिति में है। यहां कीचड़ पसरा हुआ है। ब्रिज से शहीद चैक की ओर जाने के लिए यू टर्न पर पानी भर गया है। इस सड़क के एक ओर ब्रिज का गार्डवाल है तो एक ओर रेलवे लाइन। रेलवे अपने नाले में इस सड़क का पानी नहीं जाने देता है। वहीं ब्रिज पर कई छोटे-बड़े गड्ढे हैं। उस पर हैवी ट्रैफिक। पैदल चलने वालों के लिए ओवरब्रिज पर चलना मुश्किल है। खलारी का मुख्य बाजार केडी रोड के गड्ढों में पानी भर गया है। कई जगह बड़े गड्ढे हैं। केडी रोड के हाल से ग्राहक से लेकर दुकानदार तक परेशान हैं। खलारी-मैक्लुस्कीगंज सड़क में खलारी ब्लाॅक से लेकर बैंक चैक तक सड़क पर पानी और कीचड़ है। हाल ही में ग्रामीण कार्य विभाग से यह सड़क बनी है लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने और हैवी ट्रैफिक के कारण स्थिति खराब है। विश्रामपुर काॅलोनी की मुख्य सड़क जर्जर व गड्ढे से भरे हैं। केडी से डकरा जाने के बीच सीएचपी के निकट सड़क का हाल बेहाल है।
केडी बाजार की सड़क पर जमा पानी।
विश्रामपुर काॅलोनी की सड़क पर जमा पानी।