पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअमरीकी रक्षा मंत्री चक हेगल का कहना है कि सीरिया अपने रासायनिक हथियारों की सुपुर्दगी के मामले में तय समय-सीमा से पीछे चल रहा है जिसे लेकर अमरीका चिंतित है.
चक हेगल ने पोलैंड में संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस देरी की वजह नहीं मालूम है. उन्होंने यह भी कहा कि सीरिया को इसे दुरुस्त करने की ज़रूरत है.
सीरिया के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने की प्रक्रिया की निगरानी कर रहा ऑर्गेनाइज़ेशन फ़ॉर प्रोहिबिशन ऑफ़ कैमिकल वैपंस (ओपीसीडब्ल्यू) इस मामले पर विचार विमर्श के लिए हेग में बैठक कर रहा है.
सीरिया के रासायनिक हथियारों को इस वर्ष तीस जून तक सीरिया से हटाया और नष्ट किया जाना है. ओपीसीडब्ल्यू के लिए जारी किए गए एक बयान में अमरीकी राजदूत रॉबर्ट मिकुलक ने कहा है, ''सीरिया से रासायनिक हथियारों को हटाने के काम में देरी हो रही है और इसमें बाधा आ रही है.''
'सीरिया की ज़िम्मेदारी'
अमरीकी राजदूत रॉबर्ट मिकुलक ने कहा कि सीरिया से अभी तक महज चार प्रतिशत रासायनिक हथियारों को ही हटाया जा सका है.
अमरीकी राजदूत रॉबर्ट मिकुलक ने कहा, ''सीरिया में ध्यान अब इस बात पर है कि बिना और देर किए वह अपनी बाध्यताओं को पूरा करे और इसे सफल बनाने का प्रयास करे.''
सीरिया के रासायनिक हथियारों को हटाने और नष्ट करने की संयुक्त राष्ट्र समर्थित योजना के तहत सीरिया के अधिकारी इन हथियारों को सही तरह के पैक करके सुरक्षित लाटविया बंदरगाह तक पहुंचाने के लिए ज़िम्मेदार हैं.
लाटविया बंदरगाह पर डेनमार्क और नॉर्वे अपने मालवाहक जहाज़ मुहैया करा रहे हैं जिनमें भरकर रासायनिक हथियारों को सुरक्षा घेरे में इटली तक ले जाने की योजना है जहां से उन्हें अमरीकी नौवहन प्रशासन के एमवी केप रे जहाज़ में चढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय जल में ले जाया जाएगा और नष्ट कर दिया जाएगा.
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.