पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अमरीका: भारतीय बुज़ुर्ग से मारपीट

अमरीका: भारतीय बुज़ुर्ग से मारपीट

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ब्रजेश उपाध्याय

बीबीसी संवाददाता, वाशिंगटन

अमरीका में एक भारतीय बुज़ुर्ग के साथ कथित रूप से पुलिस ज़्यादती का मामला सामने आया है.

पुलिस की पिटाई के बाद बुज़ुर्ग अस्पताल में हैं और लकवे का शिकार हो गए हैं.

दरअसल गुजरात से अलबामा राज्य के हंट्सविल इलाक़े में अपने नवजात पोते की देखरेख के लिए आए सुरेशभाई पटेल जब अपने घर के पास टहल रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रोका.

पुलिस के मुताबिक़ ऐसा उन्होंने इसलिए किया क्योंकि उन्हें किसी पड़ोसी ने फ़ोन किया था कि एक संदिग्ध दिखने वाला व्यक्ति वहां घूम रहा है.

सुरेशभाई पटेल अंग्रेज़ी नहीं बोल पाते.

पुलिस ने बताया कि जब सुरेशभाई को रोककर तलाशी लेने की कोशिश की गई तो वह अपनी जेब में हाथ डालने लगे जिसके बाद उन्हें ज़मीन पर गिरा दिया गया और वह ज़ख़्मी हो गए.

पुलिस के ख़िलाफ़ केस

सुरेशभाई पटेल के बेटे चिराग पटेल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उनके पिता आंशिक रूप से लकवे का शिकार हो गए हैं और ठीक होने में महीनों लग सकते हैं.

चिराग पटेल के मुताबिक़ वह बेहद साधारण परिवार से हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतने अच्छे इलाक़े में उनके या उनके पिता के साथ ऐसा बर्ताव हो सकता है.

एक स्थानीय वकील ने मीडिया से कहा कि पटेल परिवार पुलिस के ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर करने जा रहा है.

इस बीच पुलिस ने कहा है कि जिस अधिकारी ने यह कार्रवाई की, उन्हें एक तरह से सस्पेंड कर दिया गया है.

हज़ारों डॉलर का झटका

सुरेशभाई के इलाज में हज़ारों डॉलर का खर्च आएगा. स्थानीय भारतीय समुदाय ने इंटरनेट के ज़रिए उनके लिए चंदा जमा करना शुरू कर किया है.

इस केस को पुलिस की ओर से साधारण मामलों में भी अत्यधिक बल प्रयोग की तरह देखा जा रहा है.

कुछ महीने पहले न्यूयॉर्क में एक काले व्यक्ति एरिक गार्नर को पुलिस ने जिस तरह दबोचकर गिराया था और उनकी मौत हो गई थी और उसके ख़िलाफ़ काफ़ी विरोध प्रदर्शन और हंगामा हुआ था.

(यदि आप बीबीसी हिन्दी का एंड्रॉएड ऐप देखना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें. सोशल मीडिया जैसे फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी आप हमें फ़ॉलो कर सकते हैं.)