पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. उम्र सिर्फ 15 साल। मगर इस नन्हीं सी जान ने ऐसी हिम्मत दिखाई है कि इसकी कहानी हर लड़की को पढ़नी चाहिए। ये लड़की एक दिन करीब पांच लाख रुपए कैश लेकर थाने पहुंच गई और पुलिसवालों से गुहार लगाई कि मुझे रेपिस्ट से बचाओ, मुझे मेरे मां-बाप से बचाओ। ये दिलेर लड़की दिल्ली की है। पिछले साल हुआ था अपहरण...
दिल्ली के अमन विहार में रहने वाली इस लड़की का पिछले साल 30 अगस्त को अपहरण हुआ था। एक हफ्ते तक एक प्रॉपर्टी डीलर और एक अन्य शख्स ने कई शहरों में ले जाकर इसका रेप किया। एक हफ्ते बाद दोनों ने उसे छोड़ दिया। लड़की ने मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी किया लेकिन फिर वो बेल पर छूट गए। इसके बाद आरोपियों के कुछ जानने वालों ने लड़की के मां-बाप को अप्रोच किया और लड़की का बयान बदलवाने के बदले 20 लाख रुपए ऑफर किए। हाल ही में इनमें से करीब पांच लाख रुपए लड़की के मां-बाप को दिए गए।
पैसे लेकर बलात्कारियों के साथ हो गए मां-बाप
मां-बाप ने अपनी लड़की का साथ देने के बजाय ये रुपए कबूल कर लिये। पैसे लेकर मां-बाप ने लड़की पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। मां-बाप लड़की पर प्रेशर बनाते रहे, उसे धमकाते रहे। लेकिन लड़की अपनी बात पर डटी रही। इस बात को लेकर अक्सर घर में झगड़े भी होते। एक दिन जब मां-बाप घर पर नहीं थे तो लड़की ने बेड के नीचे छिपे इस पाप के पैसे को निकाला और अमन विहार में प्रेम विहार पुलिस चौकी पहुंच गई।
आउटर दिल्ली के डीसीपी एमएन तिवारी ने बताया कि लड़की नोटों की गड्डी के साथ चौकी आई और कहा कि ये तीन लाख रुपए हैं लेकिन जब पुलिस वालों ने पैसे गिने तो चार लाख 96 हजार रुपए निकले। डीसीपी के मुताबिक लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मां-बाप के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लड़की की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन बाप फरार है। पैसे देने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है। लड़की को फिलहाल बाल कल्याण समिति के पास रखा गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.