पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रायपुर। विकास यात्रा के दौरान शुक्रवार की शाम सीएम रमन सिंह चिरमिरी पहुंचे। यहां बारिश और तेज आंधी के बावजूद लोगों की भीड़ देखकर वे उत्साहित हो गए। उन्होंने कहा कि ये सब देखकर साबित होता है कि तूफान भी हमारे कार्यकर्ताओं के इरादे को डिगा नहीं सकता। तेज हवा और बारिश में तम्बू उखड़ गए, लेकिन लोग अपनी जगह से नहीं हिले। उन्होंने राहुल गांधी के रोड-शो पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष महज 400 लोगों के साथ रोड-शो कर रहे हैं। यहां चिरमिरी में 50 हजार से ज्यादा लोग मौजूद हैं। रोड-शो कैसे निकालना चाहिए, ये सीखने के लिए कांग्रेस को (राहुल गांधी) चिरमिरी आना चाहिए। ध्यान देने वाली बात है कि पहले चरण में शुक्रवार को सीएम डॉ. रमन सिंह कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा के करतला में पहुंचे। आम सभा में लोगों को संबोधित करने के बाद खंडगवां, अखराडांड और दुबछाल होते हुए चिरमिरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनता को 183 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
- आम सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि देश के 22 राज्यों में बीजेपी की सरकार है। लगभग पूरे देश में कमल ही कमल खिल गया है। कांग्रेस की मानसिकता विकास विरोधी की है। यही वजह है कि लोग बीजेपी को मौका दे रहे हैं। हम विकास यात्रा निकाल रहे हैं तो वे विकास ढूंढ रहे हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी तो भय और आतंक का माहौल था। भूख, भ्रष्टाचार और पलायन था। इसलिए जनता ने बीजेपी को चुना।
- अज करतला में सड़कों का जाल बिछ गया है। 40 हजार बहनों को गैस सिलेंडर मिल चुका है और 40 हजार को और मिलना है। किसानों को बोनस मिल रहा है। भारत इंटरनेट परियोजना के तहत अगले 4 महीने में 3 हजार 400 किमी केबल बिछाने का काम होगा। 5 लाख स्मार्ट फोन बांटे जाएंगे जिसके लिए अगले महीने से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। बिलासपुर के धरमजयगढ़ से रांची तक सुपर एक्सप्रेस हाइवे बन रहा है। इसका लाभ भी करतला के लोगों को मिलेगा।
- कार्यक्रम में मंत्री अमर अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, समेत पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, खाद्य आयोग के अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे भी मंच पर मौजूद हैं।
कांग्रेस को अपना कोच बदल लेना चाहिए
- सीएम ने कहा कि यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने आए हैं। इनकी टीम लगातार हार रही है। देश के 75 प्रतिशत हिस्से से कांग्रेस साफ हो गई है। जो शख्स अपनी सीट अमेठी नहीं बचा सका। जो दिल्ली में रहते हुए दिल्ली की सीट नहीं बचा सका, जिसके हाथ से असम, बिहार, गोवा की सीट निकल गई ऐसे कोच से ट्रेनिंग लेने का क्या फायदा। मुझे तो लगता है कि कांग्रेस के लोगों को अपना कोच बदल लेना चाहिए।
कांग्रेस के पेट में क्यों हो रहा है दर्द ?
- डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जब बीजेपी विकास का काम करती है तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द होता है। उन्होंने जनता से पूछा कि कांग्रेस ने 50-60 सालों तक शासन किया। क्या गरीबों को 1 रुपए किलो चावल दिया। नमक और चना दिया। वे गरीबी हटाओ का नारा तो लगाते हैं पर क्या एक भी योजना गरीबों के लिए बनाई?
- मैं यदि 1700 करोड़ रुपए का बोनस किसानों को देता हूं तो उनके पेट में दर्द क्यों होता है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में किसानों को 14-15 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया जाता था। हमने जीरो इंट्रेस्ट कर दिया तो इससे भी कांग्रेस को दिक्कत है। रमन सिंह ने करतला की जनता से तेंदुपत्ता बोनस, चरणपादुका योजना, आयुष्मान भारत योजना को बताने के साथ अगले 4 महीने में हर घर में बिजली दिलाने की बात की।
राहुल छत्तीसगढ़ का विकास देखने आए हैं
- सुनने में आया कि यहां राहुल गांधी अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने आए हैं। मैं कहता हूं कि वो यहां का विकास देखने आए हैं। विकास देखना है तो वे करतला भी आ जाएं। 60 साल में यदि कांग्रेस पार्टी ने विकास का काम किया होता तो आज विकास खोजने का काम नहीं करना पड़ता।
- गौरतलब है कि सीएम ने विकास यात्रा की शुरुआत 12 मई को दंतेवाड़ा से की थी। मां दंतेश्वरी की पूजा करने के बाद के इन्होंने आम सभा की। इस दौरान यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दी थी। सीएम अभी तक दंतेवाड़ा विधानसभा, चित्रकोट विधानसभा के बड़ेकिलेपाल, तोकापाल, जगदलपुर विधानसभा के केशलूर, जगदलपुर विधानसभा, कोंटा विधानसभा के गादीरास में, नारायणपुर विधानसभा में, नारायणपुर विधान सभा के भानपुरी में, कोंडागांव विधानसभा के दहीकोंगा में, बनियागांव, कोंडागांव में, केशकाल विधान सभा के फरसगांव में, केशकाल में, कांकेर विधानसभा में विकास रथ के साथ पहुंच चुके हैं।
तेज आंधी और बारिश में उड़े पांडाल, छतरी लगाकर सीएम का स्वागत
- करतला से सीएम हेलीकॉप्टर के जरिए 118 किमी दूर मनेंद्रगढ़ विधानसभा के खंडगंवा पहुंचे। यहां जमकर आंधी और बारिश शुरू हो गई। पांडाल उखड़ गए। जैसे-तैसे छतरी लगाकर सीएम ने स्वागत भाषण दिया। यहां से रथ से 7 किमी दूर अखराडांड में पहुंचे। यहां भी बारिश ने माहौल किरकिरा कर दिया। लोग खुद को बारिश से छुपाते हुए दिखे। इसके बाद रथ से 9 किमी दूर दुबछाल पहुंचे। यहां से रथ से चिरमिरी पहुंचे। यहां सीएम आम सभा कर रहे हैं। इसके बाद रोड शो होगा। सीएम चिरमिरी में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
राहुल गांधी की उम्र अभी रोड शो करने की है
- सीएम ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की उम्र अभी रोड-शो करने की है। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी की सभा में राहुल गांधी की सभा के मुकाबले तीन गुना ज्यादा भीड़ थी। अजीत जोगी कांग्रेस का हिस्सा रहे थे। ऐसे में समझ आता है कि जनाधार किस तरफ ज्यादा है। सीएम ने अजीत जोगी की सभा को राहुल से बेहतर बताया।
कंटेंट : वेब डेस्क/अमित पांडेय
फोटो : मनोज शर्मा/ अमित पांडेय
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.