पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर। विकास यात्रा के पहले चरण के 6वें दिन सीएम दोपहर बाद कोरबा जिले के कटघोरा पहुंचे। यहां उन्होंने मंच से दंतेवाड़ा जिले में आज नक्सलियों द्वारा आईईडी विस्फोट में 6 जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने इन शहीदों के परिवारों प्रति संवेदना प्रकट की और इस नक्सल वारदात की तीव्र निंदा की है। डॉ. सिंह ने घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका बेहतर से बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए है। मंच से खड़े होकर सीएम ने शहीदों को मौन श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दर्शक दीर्घा में लोग खड़े थे।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जिला पुलिस बल के जवानों ने सड़क निर्माण में सुरक्षा देने के लिए कर्त्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। उनकी यह शहादत हमेशा याद रखी जाएगी। नक्सलियों की कायरतापूर्ण हरकत है। इससे यह भी साबित होता है कि नक्सली इस जिले के ग्रामीणों और आदिवासियों तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा भी नही पहुंचने देना चाहते। इससे उनकी जन-विरोधी और विकास विरोधी मानसिकता उजागर होती है। इसके बावजूद हमारे पुलिस बल और सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों का मनोबल बहुत ऊंचा है। दंतेवाड़ा सहित सम्पूर्ण बस्तर संभाग के सभी जिलों में जनता को बारहमासी आवागमन की सुविधा दिलाने के लिए सड़कों का जाल बिछाने हम सब वचनबद्ध है।
आने वाले समय में जनता कांग्रेस को ढूंढेगी
- सीएम सुबह राजपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए 128 किमी दूर प्रेम नगर विधान सभा के उंचडीह में पहुंचे। यहां आम सभा को सीएम संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम विकास का काम कर रहे हैं ओर कांग्रेस के लोग विकास ढूंढने निकले हैं। यही हाल रहा तो आने वाले समय में जनता उन्हें ढूंढेंगी। सीएम रमन सिंह ने आमसभा में बटन दबाकर सूरजपुर के किसानों के खाते में 40 करोड़ की राशि बतौर बोनस ट्रांसफर की। सीएम ने कहा कि वे छत्तीसगढ के किसानों को इस विकास यात्रा के दौरान 1700 करोड़ रुपए का बोनस देने आए हैं। इसके अलावा 700 करोड़ का बोनस तेंदुपत्ता के लिए दे रहे हैं। कुल 2400 करोड़ रुपए का बोनस इस विकास यात्रा के दौरान वे जनता को देंगे।
- उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वक्त लोगों ने तहसील बनाने की मांग की तो उन्होंने लाठी से पीटा था। बीजेपी के कार्यकाल में सूरजपुर को जिला ही नहीं बनाया बल्कि सभी विकासखंडों को तहसील का दर्जा दे दिया।
सड़क, पुल, पुलिया और अस्पताल गिनाने नहीं आया
- सीएम ने कहा कि वे सड़क, पुल, पुलिया और अस्पताल गिनाने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि वे सूरजपुर के लोगों का आशीर्वाद लेने आए हैं।
- सीएम ने फिर दुहराया कि ये विकास यात्रा नहीं बल्कि तीर्थ यात्रा है।
आज का कार्यक्रम
- पालीतानाखार विधानसभा के गुरसिया पोंडी उपरोड़ में 2:00 से 2:30 बजे तक पहुंचेंगे जहां आम सभा होगी। यहां से 13 किमी दूर रथ से कटघोरा विधानसभा में पहुंचेंगे। यहां 3:00 से 3:30 बजे तक स्वागत सभा होगी। इसके बाद 7 किमी दूर छुरीकला में 3:45 से 4:00 बजे तक स्वागत कार्यक्रम होगा। यहां से 7 किमी दूर गोपालपुर में 4:10 से 4:25 तक स्वागत कार्यक्रम होगा। यहां से 5 किमी दूर जमुनापाली में 4:35 से 4:50 तक स्वागत कार्यक्रम है। यहां से 16 किमी दूर कोरबा विधानसभा में रोड शो और रात्रि विश्राम होगा।
विकास यात्रा का आगामी कार्यक्रम
- 22 मई को रायपुर से 434 किमी दूर हेलीकॉप्टर से बीजापुर विधानसभा के भोपालपट्टनम में पहुंचने के बाद 11:30 से 1:00 बजे तक आमसभा होगी। इस के बाद लंच करके सीएम यहां से हेलीकॉप्टर से 178 किमी दूर कोंटा विधानसभा के दोरनापाल में आम सभा करेंगे। यहां से 3:30 बजे हेलीकॉप्टर से चलकर दंतेवाड़ा विधानसभा के बचेली पहुंचेंगे। यहां आम सभा और रात्रि विश्राम होगा।
कंटेंट : वेब डेस्क/जॉन राजेश पॉल
फोटो : राकेश पांडेय/साकेत दूबे
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.