पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कॉलेज की पढ़ाई करने के लिए 50 के दशक में इंदौर आए थे विश्व हिंदु परिषद के अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष कोकजे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। विश्व हिंदु परिषद के अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष बने विष्णु सदाशिव कोकजे ने इंदौर में अपनी पढ़ाई पूरी करी, वकालत भी यहीं से प्रारंभ की और यहां जज भी रहे। 50 के दशक में वीएस कोकजे धार से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉलेज की पढ़ाई करने के लिए कोकजे इंदौर आए थे। उन्होंने होलकर कॉलेज में एडमिशन ले लिया। होलकर कॉलेज से स्नातक करने के बाद उन्होंने शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय से एलएलबी किया। इसके बाद इंदौर ही से मनोरोग विज्ञान में एमए किया।

 

डही में जन्म
धार के डही में 6 सितंबर 1939 को जन्में कोकजे बचपन से ही संघ से जुड़ गए थे।  1964 में उन्होंने हाई कोर्ट में प्रैक्टिस प्रारंभ की। 1990 में वे हाई कोर्ट जज बने और सालों तक इंदौर बेंच में सुनवाई की। बाद में राजस्थान हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में भी सेवाएं दी। कोकजे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ी संस्था भारत विकास परिषद के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

 

आनंद मोहन माथुर ने पढ़ाया है
विष्णु सदाशिव कोकजे को हाईकोर्ट इंदौर के सीनियर एडवोकेट आनंद मोहन माथुर ने पढ़ाया है। वे बताते हैं कि जस्टिस कोकजे से उनका परिचय 1955-56 में हुआ तब वे लॉ के छात्र थे और मैने उन्हें पढ़ाया था। 1964 में हमारी दोस्ती शुरु हुई जब उन्होंने प्रैक्टिस प्रारंभ की। उनके व्यवहार में आज भी वहीं विनम्रता है जो उस वक्त थी जब वे प्रैक्टिस करते थे।

 

1995 में आए थे डही में
एक वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए कोकजे 1995 में डही गए थे। उस समय वह अपने परिवार और दोस्तों से मिले थे। धार के डही में उनके भतीजे महेंद्र कोकजे, विनोद कोकजे, बहन मनोरमा कोकजे और स्व. प्रमोद कोकजे, स्व. सुनील कोकजे के घर के सदस्य रहते हैं। कोकजे के बचपन के मित्र श्यामसुंदर माहेश्वरी, रमेश माहेश्वरी, संग्राम सिंह गोहिल भी डही में ही निवास करते है। 

 

192 सदस्यों ने किया था मतदान
14 अप्रैल को को गुरुग्राम स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अध्यक्ष पद के लिए वोट डाले गए। इसमें बीएचपी के 273 में से 192 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया था। जिसमें कोकजे ने तोगड़िया के करीब माने जाने वाले राघव रेड्डी को पराजित किया। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए पूरी प्रकिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई गई है।

 

- देश-विदेश में रहने वाले हिंदुओं से तालमेल रखते हुए हिंदुत्व की रक्षा के लिए उन्हें संगठित करेंगे और मदद करेंगे - जस्टिस वीएस कोकजे

 

परिचय : विष्णु सदाशिव कोकजे
जन्म- 6 सितंबर 1939, धार जिले के डही में
बचपन- संघ में स्वयंसेवक रहे
शिक्षा- स्कूली शिक्षा धार में, इंदौर में एलएलबी, मनोरोग में एमए
कार्यक्षेत्र - 1964 से वकालत
- 1992 से 1995 से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जज
- 1995 से 2002- हाईकोर्ट राजस्थान में जज
- 2002-03 में हाईकोर्ट के कार्यकारी न्यायाीश, इसी सन में सेवानिवृत्त
- 2003 से 2008- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल
-2013 से 2015- भारत विकास परिषद अध्यक्ष
-2014-2018- उपाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद

खबरें और भी हैं...