पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. नगर निगम चुनाव का परिणाम 20 अप्रैल को घोषित होगा। पंडरा बाजार समिति परिसर में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। यहां मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षद पदों के प्रत्याशियों को मिले वोटों की गिनती 15 हॉल में होगी। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सुबह 9:30 बजे से ही वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के वोटों का रुझान आने लगेगा। वहीं मेयर और डिप्टी मेयर प्रत्याशियों के वोटों का रुझान सुबह 10.30 बजे से मिलने लगेगा।
इधर, स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा के लिए जैप जवानों की तैनाती कर दी गई है। स्ट्रांग रूम के पास किसी भी अनजान व्यक्ति के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। वहीं स्ट्रांग रूम से काउंटिंग हाॅल तक ईवीएम लाने-ले जाने के लिए मजदूरों के अलावा कर्मचारी भी लगाए जाएंगे।
वोटिंग 0.03% बढ़ी
बुधवार को पीठासीन पदाधिकारियों की डायरी मिलने के बाद मतदान प्रतिशत अब 41.53 हो गया है। यह जिला प्रशासन व निर्वाचन आयोग के आंकड़े में यह 0.03% की बढ़ोतरी है। सोमवार को मतदान का आंकड़ा 41.50% बताया गया था।
15 काउंटिंग हॉल में होगी वोटों की गिनती
5-5 हॉल में मेयर, डिप्टी मेयर व पार्षद प्रत्याशियों की होगी गिनती
2 बजे दोपहर तक विजयी उम्मीदवारों की घोषणा संभव
6 बजे शाम तक विजेता को प्रमाण पत्र देने की संभावना
1000 काउंटिंग सुपरवाइजर और असिस्टेंट की होगी प्रतिनियुक्ति
140 सुपरवाइजर व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति ईवीएम सील खोलने और काउंटिंग के बाद सील करने में
150 कर्मचारियों को 1000 में से रिजर्व रखा जाएगा
मतगणना कर्मचारियों को आज मिलेगी ट्रेनिंग
- मतगणना में प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण बुधवार को दिया जाएगा। कलेक्ट्रेट के बी ब्लॉक स्थित कमरा नंबर 505 में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक ट्रेनिंग चलेगी। प्रशिक्षण कोषांग की पूनम झा ने बताया कि एक साथ 800 कर्मियों को प्रशिक्षण मिलेगा।
एसडीओ ने प्रत्याशियों के साथ बैठक की, काउंटिंग एजेंट की दी जानकारी
- एसडीओ अंजलि यादव ने मंगलवार को पंडरा बाजार परिसर के तीन अलग-अलग कमरों में बैठक की। एक कमरे में वार्ड 1 से 18, दूसरे कमरे में वार्ड 19 से 36 और तीसरे कमरे में वार्ड 37 से 53 के प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रत्याशियों को मतगणना से संबंधित जानकारी दी गई।
- बताया गया कि मतगणना के दिन अपने एजेंट की नियुक्ति के लिए कहां आवेदन देना होगा। एजेंट को अपने साथ क्या-क्या लाना होगा। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से मतदान से संबंधित आपत्ति भी मांगी, लेकिन एक-दो प्रत्याशियों को छोड़ किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई। इधर, पीठासीन अधिकारियों की मतदान डायरी की स्क्रूटनी हुई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.