पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंयमुनानगर। रघुनाथपुरी कॉलोनी निवासी महिला पिंकी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप शहर के व्यापारी कमल कपूर पर लगा है। हत्या से पहले कमल और पिंकी एक ही कमरे में दरवाजा बंद कर दो घंटे से बैठे थे। दोनों के बीच बहस हुई और कमल ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पिंकी पर गोलियां दाग दीं। महिला के शरीर से आठ गोलियां पोस्टमार्टम के दौरान निकली हैं।
- पिंकी तलाक के बाद पिछले 20 साल से अलग रह रही थी। कमल और पिंकी के बीच छह माह से संबंध बताए जा रहे हैं। जब कमल ने पिंकी को गोलियां मारी तो घर पर उसकी 16 साल की बेटी टीना, 10 साल का बेटा कपिल और भाई राजू था।
- वे दरवाजे का शीशा तोड़कर अंदर घुसे तो कमल ने उन्हें भी गोली मारने की धमकी दी, लेकिन बुलेट खत्म होने से वह उन पर फायरिंग नहीं कर पाया।
- महिला को गाबा अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे से शराब की खाली बोतल भी मिली है। बताया जा रहा है कि कमल ने वहीं पर शराब भी पी थी। वारदात के बाद कोई भी पड़ोसी उनके घर तक नहीं आया।
बेटी बोली- मां दिन में गई थी कमल अंकल के घर, रात में हमारे साथ ही खाना खाया
- मृतका की बेटी टीना ने बताया छह माह से कमल का उनके घर पर आना जाना था। उनकी कमल के साथ कोई रिश्तेदारी नहीं थी, बस मां के साथ बिजनेस संबंध थे।
- शनिवार सुबह भी कमल उनके घर आया था। मां पिंकी ने उसे कहा था कि वह आज उनके घर पर जाएगी, उसकी पत्नी सोनिया ने उसे बुलाया है।
- कमल ने मना किया, लेकिन उसकी मां नहीं मानी। कमल यह कहकर चला गया कि वह शाम को आएगा और पार्क में घूमने जाएंगे।
- शाम करीब सात बजे कमल उनके घर आया तो घर पर उसकी मां नहीं थी। कुछ देर बाद मां आई। दोनों में कुछ बातचीत हुई और कमल चला गया।
- कमल फिर करीब रात नौ बजे घर पर आया। वह उसकी मां के साथ ड्राइंग रूम में बैठ गया। दोनों ने वहीं पर खाना खाया। रात करीब 11.30 बजे दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
- जोर-जोर से दोनों आपस में बोलने लगे तभी गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने दरवाजा खोलने को आवाज लगाई तो अंदर से दरवाजा नहीं खोला।
- उसने, उसके भाई व मामा ने दरवाजे का शीशा तोड़ा तो देखा अंदर मां खून से लथपथ पड़ी थी और कमल हाथ में पिस्तौल लिए खड़ा था। वह उन्हें भी जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद वह भाग गया।
हम टीवी देख रहे थे, तभी गोलियां चली: बेटा
- हम करीब 11 बजे टीवी देख रहे थे। तभी मेरी मां और कमल अंकल के बीच जोर-जोर से बहस होती सुनाई दी। कुछ देर बाद गोलियों की आवाज सुनाई दी।
- उन्होंने ड्राइंग रूम के दरवाजे का शीशा तोड़ा तो उसकी मां जमीन पर पड़ी थी। इस दौरान उसकी बहन की बाजू पर शीशा लगने से चोट लग गई।
- इसके बाद कमल वहां से फरार हो गया। वे अपनी मां को एक्टिवा पर बीच में बैठाकर अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में आते-जाते दिखा आरोपी
- महिला ने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवाया हुआ था। कमल के घर में एंट्री करने और जाने की पूरी फुटेज इसमें है।
- सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि कमल अपनी कार में आता है और गेट के आगे कार रोक कर पिंकी के घर में चला जाता है।
- फिर वह जब वारदात के बाद घर से बाहर निकलता है, वह भी फुटेज में है। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि आरोपी एक बार मौके से कार उठाकर भाग जाता है, लेकिन कुछ देर बाद वापस आता है और आकर पूछता है कि पिंकी मरी या नहीं।
- इस दौरान पिंकी की बेटी उसके आगे गुहार लगाती है कि उसकी मां को अस्पताल ले चलो, लेकिन वह वहां से भाग गया।
आरोपी कमल कपूर के पास लाइसेंसी रिवाल्वर
- आरोपी कमल कपूर सेक्टर-17 के पास नई बस्ती कॉलोनी जगाधरी में रहता है। वहीं पर उसकी वॉशिंग पाउडर की फैक्ट्री है। उसका एल्यूमीनियम का भी व्यापार बताया जा रहा है। उसने कई साल पहले लाइसेंसी रिवाल्वर ली थी।
- बताया जा रहा है कि पिंकी से संबंधों का उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों को भी पता था। इससे कमल और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा रहता था।
- शनिवार को पिंकी उनके घर गई और शाम को जब कमल अपने घर गया तो उसकी अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ था।
- इसके बाद वह गुस्से में पिंकी के घर गया था और यह वारदात की। हत्या से पहले विवाद के पीछे पैसों का लेन-देन को कारण मानकर पुलिस जांच में लगी है।
तलाक के बाद ब्यूटी पार्लर चलाती थी पिंकी
- पिंकी तेजली रोड स्थित रघुनाथपुरी कॉलोनी में अपने मकान में रहती थी। 20 साल पहले उसकी शादी रोहतक निवासी कृपाल सिंह से हुई थी। दोनों के बीच विवाद रहने लगा और दोनों अलग-अलग हो गए।
- उनकी बेटी के अनुसार उसके पिता और मां के बीच तलाक हो चुका है। पिंकी ब्यूटी पार्लर चलाती थी। उसकी बेटी 10वीं में और बेटा चौथी क्लास में पढ़ता है। एक मकान उसका चौधरी कॉलोनी में है। जो कि किराए पर दिया हुआ था।
एसपी से मिलने पहुंचा परिवार
- मृतका के बच्चे और रिश्तेदार एसपी से मिलने पहुंचे। उनका आरोप था कि पुलिस सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने पुलिस के सामने उदाहरण पेश किया कि किस तरह से पुलिस ने प्रिंसिपल रितू छाबड़ा हत्याकांड में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया था, उसी तरह इसमें भी आरोपी तुरंत गिरफ्तार होना चाहिए था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.