पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बरगी डेम से पानी छोड़ने में कमी हुई तो नर्मदा से सप्लाई में हो सकती है परेशानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल.   बड़े तालाब और कोलार के बाद अब नर्मदा से भी पानी सप्लाई में कमी आने की आशंका जताई जा रही है। यदि मई-जून की तेज गर्मी में बरगी डेम से पानी नहीं छोड़ा गया तो हीरानी गांव में नर्मदा में जलस्तर कम हो जाएगा। ऐसे में वहां से भोपाल तक पानी सप्लाई में कमी आ सकती है। फिलहाल नर्मदा से रोजाना 1800 लाख लीटर पानी लिया जा रहा है।

 

नगर निगम ने पिछले सप्ताह नर्मदा कंट्रोल अथॉरिटी को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि गर्मी के समय बरगी डेम से पानी छोड़ा जाएगा ताकि भोपाल को पर्याप्त पानी सप्लाई होता रहे। इसके पहले नगर निगम दो और पत्र लिख चुका है। पहला पत्र तो सितंबर में ही लिखा गया था। लेकिन अब तक अथॉरिटी ने निगम को इसका जवाब नहीं भेजा है। 

 

कोलार डेम की स्थिति 

- 1700 लाख लीटर रोज पानी सप्लाई।
- 390 लाख घन मीटर पानी अभी बचा।
- 65 लाख घन मीटर पानी ले रहे हर माह।
- 443 मीटर शुक्रवार को जलस्तर और डेड स्टोरेज 432 मीटर है।

 

एनवीडीए लेगा निर्णय, निगम का पत्र भेजा

नर्मदा कंट्रोल अथॉरिटी के डिप्टी डायरेक्टर योगेश पुरसवानी का कहना है कि इस बारे में नर्मदा वैली डेवलपमेंट अथॉरिटी (एनवीडीए) को निर्णय लेना है। हमने निगम का पत्र एनवीडीए को भेज दिया है। बरगी डेम से पानी छोड़ने के बारे में फैसला एनवीडीए के मैंबर (इंजीनियरिंग) को करना होता है। इस संबंध में जब दैनिक भास्कर ने एनवीडीए में संपर्क करने की कोशिश की गई तो बताया गया कि आरपी मालवीय (मैंबर इंजीनियरिंग) दौरे पर हैं। मालवीय से मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका। 

 

दो पत्र और एक रिमाइंडर भेजा

नर्मदा प्रोजेक्ट, हीरानी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर आरके अहिरवाल ने बताया कि हम अभी नर्मदा से रोजाना 180 एमएलडी (1800 लाख लीटर रोजाना) पानी ले रहे हैं। अभी तक कोई परेशानी नहीं आई है, लेकिन गर्मी में यदि बरगी डेम से पानी नहीं छोड़ा गया तो परेशानी हो सकती है। हमने तो बारिश खत्म होते ही एक पत्र भेज दिया था। दो रिमाइंडर भी भेज चुके हैं।
 

बड़ा तालाब : कटौती से पुराने शहर में फिर नहीं आया पानी

बड़े तालाब से कटौती करके कोलार से सप्लाई में नगर निगम शुक्रवार को फिर असफल साबित हुआ। चौक, मंगलवारा, इतवारा, घोड़ा नक्कास आदि क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं हो सका। कोलार से 270 लाख लीटर पानी सुनिश्चित किए बिना श्यामला हिल्स पर बड़े तालाब से पानी लेना बंद करने के कारण यह हालात बन रहे हैं। वहीं कोटरा सुल्तानाबाद क्षेत्र में पिछले चार दिन से पानी की किल्लत है। प्लेटिनम प्लाजा की टंकी नहीं भरे जाने से यहां पानी सप्लाई में परेशानी हो रही है।

 

परेशानी का हल तलाश रहे हैं
नगर निगम के आयुक्त प्रियंका दास ने बताया कि बरगी डेम के अधिकारियों से हमारी चर्चा हुई है। जलसंकट की स्थिति में पीने के पानी को प्राथमिकता दी जाती है, इसलिए हमें भरोसा है कि नर्मदा से पानी सप्लाई में परेशानी नहीं आएगी। बड़े तालाब से कटौती के कारण पुराने शहर के कुछ हिस्सों में आ रही परेशानी का भी हल तलाशा जा रहा है।
 

खबरें और भी हैं...