पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर/मुरैना/डबरा. राजस्थान में ऊपरी हवा में बने चक्रवात के असर से मंगलवार को अंचल के मौसम में फिर बदलाव आया। ग्वालियर में शाम 7 बजे 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी आई। इससे कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। हालांकि इस दौरान शहर के लश्कर क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके अलावा भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी और दतिया में दिनभर बादल छाए रहे। डबरा में धूल भरी आंधी आई। साथ ही रात 8 बजे ग्राम बनवार में 10 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे। हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। बल्कि मौसम में ठंडक आ गई।
वहीं मुरैना जिले में कैलारस क्षेत्र के अर्रोद गांव में आंधी व हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से भरत पुत्र अमरसिंह रजक (15) की मौत हो गई। भरत बकरियां चराकर लौट रहा था। जौरा कस्बे में वार्ड क्रमांक एक शोभाराम का पुरा में आकाशीय बिजली गिरने से रामभजन सिंह कुशवाह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
10 मिनट की आंधी से शहर अस्त-व्यस्त, बिजली कड़कने के साथ बूंदाबांदी
शहर में सुबह से छाए बादलों के चलते मंगलवार को दूसरे दिन भी शहरवासियों ने भीषण गर्मी से राहत महसूस की। 10 मिनट की आंधी में ही शहर अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि शाम 7 बजे मौसम में अचानक आए बदलाव से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। शाम को पहले 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली व बिजली भी कड़की। इसके बाद लश्कर क्षेत्र में 5 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। जबकि सिटी सेंटर क्षेत्र पूरी तरह से सूखा रहा। आंधी चलने से शहर के कई क्षेत्रों में पेड़ टूटकर गिर गए। बूंदाबांदी के बाद तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शाम 7 बजे जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं बूंदाबांदी के बाद रात 8 बजे तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया।
राजस्थान से लेकर महाराष्ट्र तक बनी है ट्रफ लाइन
पूर्वी राजस्थान में ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है। साथ ही राजस्थान से लेकर मप्र से होते हुए महाराष्ट्र तक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसी के असर से मंगलवार को मौसम में बदलाव आया। 15 मिनट की तेज आंधी से एएमआई शिशु मंदिर, रेसकोर्स, जेयू परिसर में कई पेड़ टूटकर गिर गए। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 27 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 52 फीसदी रही। यह सामान्य से 17 फीसदी अधिक रही। शाम की आर्द्रता 27 फीसदी रही। यह सामान्य से 7 फीसदी अधिक रही।
आगे क्या: शाम को छा सकते हैं बादल
मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर चौकसे के मुताबिक, अंचल में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़त होने की संभावना है। इसके साथ ही शाम के समय बिखरे-बिखरे बादल छा सकते हैं।
पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय इसलिए आंधी के साथ हो रही बूंदाबांदी
शहर में इस बार ज्यादा आंधी आने का प्रमुख कारण इस बार पश्चिमी-विक्षोभ की सक्रियता अधिक हाेना है। मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर चौकसे के मुताबिक आम तौर पर पश्चिमी विक्षोभ अक्टूबर से लेकर मार्च तक ज्यादा सक्रिय रहते हैं। लेकिन इस बार अब तक इनकी सक्रियता बनी हुई है। इसी से शहर में बार-बार आंधी आने के साथ बूंदाबांदी हो रही है।
बैजाताल के पास गड्ढे में ऑटो पलटा, एक महिला घायल
तेज आंधी के दौरान अंधेरा होने की वजह से ऑटो गड्ढे में पलट गया। हादसे में महिला घायल हो गई। शाम लगभग 7 बजे तेज आंधी की वजह से बिजली चली गई थी। बैजाताल रोड पर अंधेरा था। यहां पर चल रहे निर्माण काम की वजह से सड़क के दोनों गड्ढा खोद दिया गया था। अंधेरे होने की वजह से ऑटो क्रमांक एमपी 07 आर 2880 पलट गया। हादसे में ऑटो में बैठी महिला गायत्री निवासी थाटीपुर घायल हो गई।
आंधी आते ही गुल हुई शहर की बिजली, आधा घंटे बाद आई
मंगलवार शाम 7 बजे आंधी के आते ही शहर की बिजली सप्लाई ठप कर दी गई। आंधी के कारण कोई हादसा न हो जाए इसके चलते बिजली सप्लाई अधिकारियों ने ठप कर दी। आंधी बंद होने के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। आंधी के कारण शहर में कहीं पर भी फॉल्ट की सूचना नहीं थी। आंधी के कारण बिजली सप्लाई करीब आधे घंटे तक बाधित रही।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.