पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. पिपलानी इलाके में बिजली कंपनी के सहायक इंजीनियर की पत्नी की मौत का मामला गहरा गया है। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए आरोपी दामाद पर 30 लाख रुपए की मांग करने के आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम के बाद सहायक इंजीनियर द्वारा पत्नी का शव नहीं लेने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोप को झूठा बताया है।
दुपट्टे से लगाई फांसी
आनंद नगर चौकी के एसआई जेपी त्रिपाठी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मायके पक्ष के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कमलेश का कहना है कि शुक्रवार दोपहर वे ऑफिस में थे। तभी मां ने आभा के फांसी लगाने की सूचना दी। उस दौरान उनकी 11 माह की बेटी पलंग पर थी। आभा ने पलंग के ऊपर दुपट्टे से फांसी लगाई थी। बेटी के रोने की आवाज सुनकर मां कमरे में पहुंची थी। मैंने ही शव उतारा था। उसके बाद मैंने आभा के पिता और पुलिस को फोन किया था। कमलेश ने 30 लाख रुपए मांगने के आरोपों से भी इनकार किया है।
30 लाख लाने का दबाव बना रहे थे ससुराल वाले
ग्राम धूमा लखनादौन सिवनी निवासी रब्बीलाल अहिरवार वन उपज समिति में प्रबंधक हंै। उन्होंने बताया कि मैंने 22 वर्षीय बेटी आभा की शादी फरवरी 2016 में सिद्धार्थ लेकसिटी निवासी कमलेश दास से की थी। वह बहुत हिम्मत वाली थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है। वह बीएससी सेकंड ईयर में थी, लेकिन ससुराल वालों ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी। उस पर करीब एक साल से मायके से 30 लाख रुपए मकान के लिए लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मेरी मां की मौत होने के बाद भी आभा को मायके नहीं आने दिया। शनिवार को उनकी तेरहवी थी, लेकिन आज मैं अपनी बेटी की लाश घर ले जा रहा हूं। गुरुवार को उससे आखिरी बार बात हुई थी। उसने कहा था-पापा वे मुझे मायके नहीं आने दे रहे हैं। आप किसी को भी नहीं भेजना।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.