पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभानुप्रतापपुर/भिलाई. भानुप्रतापपुर से गुदुम के बीच शनिवार को जिस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, उस ट्रेन का परिचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में होगा। रेलवे प्रशासन रायपुर मंडल में पहली बार यह प्रयोग कर रहा है। ट्रेन के ड्राइवर से लेकर गार्ड, टीटीई, स्टेशन मास्टर, वेंडर और कुली तक महिलाएं ही रहेंगी। इसके लिए रायपुर डिविजन के अलग अलग रेल्वे स्टेशनों में पदस्थ महिला कर्मचारियों की ड्यूटी 14 अप्रैल को भानुप्रतापपुर रेल्वे स्टेशन में लगाई गई है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल द्वारा 14 अप्रैल को भानुप्रतापपुर के नवनिर्मित रेल लाईन व स्टेशन का लोकार्पण किया जाएगा। इस दिन शुरू हो रही ट्रेन में लोको पायलट, गार्ड, टीटी, टिकट वितरण क्लर्क, पोर्टल समेत स्टेशन सुपरिटेडेंट का कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा संभाला जाएगा। 1 फरवरी 2016 को दल्ली राजहरा से गुदुम तक ट्रेन का परिचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया था।
जहां ट्रेन लेकर जा रही वहां खतरा है, पर साबित करना चाहती हूं कि महिलाएं हर काम कर सकती हैं: प्रतिभा
शुक्रवार की शाम ट्रेन के क्रू मेंबर स्टेशन मास्टर एस. ललिता, लोकोपायलेट प्रतिभा बंसोड़, असिस्टेंट लोको पायलेट धनलक्ष्मी देवांगन, पाइंटमेन राजकुमारी पांडेय, और गॉर्ड नेहा कुमारी दल्लीराजहरा के लिए रवाना हुई। टीटीई राजश्री पांडेय शनिवार सुबह भानुप्रतापुर के लिए रवाना होंगी। टीम शनिवार को ट्रेन ऑपरेट करेगी।
भानुप्रतापपुर से पहली बार आज ट्रेन चलेगी। इसे गुदुम तक लेकर आएंगी रायपुर रेलवे मंडल की इकलौती सवारी गाड़ी चलाने वाली लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़। साथ ही एक दिन के माटुंगा की तर्ज पर ट्रेन को ऑपरेट करने वाली पूरी टीम महिलाओं की होगी। दैनिक भास्कर ने नक्सलियों के रेड कॉरिडोर में ट्रेन लेकर जाने वाली प्रतिभा व उनकी सहयोगियों से खास बातचीत की।
मुझसे पूछा तो मैंने एक सेकंड में हां कहा: बंसोड़
लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़ ने बताया, जब मुझसे ऑफिसर ने पूछा कि क्या आप भानुप्रतापपुर से ट्रेन लेकर आएंगी। मैने हां कहने में एक सेकंड का भी समय नहीं लगाया। मैं जिस इलाके में जा रही हूं, वहां के हालात के बारे में पता है। मैं उन्हें मैसेज देना चाहती हूं कि आगे आइए। लीड करिए और अपनी जिंदगी को खूबसूरत बनाइए। मैं जिस इलाके में जा रही हूं, वहां के हालात के बारे में पता है। मैं उन्हें मैसेज देना चाहती हूं कि आगे आइए। लीड करिए और अपनी जिंदगी को खूबसूरत बनाइए।
नई जिम्मेदारी के लिए उत्सुक हूं: राजश्री
ट्रेन में टिकट निरीक्षक का दायित्व निभाने को तैयार राजश्री पांडेय का कहना है कि महिलाएं और युवतियां जैसे ही कोई कठिन परिस्थितियां आती हैं रोना शुरू कर देती हैं। यह ठीक नहीं है। उन्हें मजबूती से हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। तभी वे जीवन में आने वाली कठिनाइयों का समाना कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें हर हाल में तैयार रहना होगा। उन्हें अपनी शक्ति को समझना होगा। राजश्री ने कहा कि नई जिम्मेदारी के लिए उत्सुक हूं। रेल मंडल ने मुझे इस लायक समझा है।
हम हर तरह की चुनौती के लिए तैयार हैं : ललिता
भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन में स्टेशन मास्टर की भूमिका निभाने को तैयार एस. ललिता ने कहा कि मैं दल्ली राजहरा में बतौर स्टेशन मास्टर 7-8 साल रही हूं। भानुप्रतापपुर तक स्थिति ठीक है। कांकेर तक भी ज्यादा दिक्कत नहीं है। इससे आगे परेशानी हो सकती है। लेकिन हम तैयार हैं।
10 मिनट तक रुकेगी भानुप्रतापपुर में ट्रेन
सुबह 9.20 बजे रायपुर से दुर्ग, बालोद, गुदुम होते हुए ट्रेन दोपहर 1.15 बजे भानुप्रतापपुर पहुंचेगी। दस मिनट रुकने के बाद दोपहर 1.25 बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी। दोपहर व शाम को आने व जाने वाली ट्रेन टाइमिंग में बदलाव हो जाएगा। जो 15 अप्रैल से प्रभावशील होगा। रायपुर से भानुप्रतापपुर तक चलने वाली ट्रेन टाइमिंग नहीं बदलेगी। दुर्ग से भानुप्रतापपुर की दूरी 117 किलोमीटर है। इसका बस में किराया 110 रुपए लगता है। ट्रेन में इसका किराया रायपुर से 35 रुपए, चरोदा और दुर्ग से 30 रुपए और मरोदा से 25 रुपए हैं।
आम लोगों को मिलेगी सामग्री और सहायता
- प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत चेक वितरण।
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा और सिलेंडर वितरण।
- वरिष्ठ नागरिकों को सहायता उपकरण वितरण।
- इमली प्रसंस्करण के लिए स्व-सहायता समूह को मशीन वितरण।
- तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरणपादुका वितरण।
- हितग्राहियों को ई-रिक्शा वितरण।
- किसानों को सौर सुजला पंप का वितरण।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.